May 20, 2026
000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 दिसंबर 2024। पंचायत समिति के सभागार में सोमवार को साधारण सभा की बैठक प्रधान सावित्री देवी गोदारा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु महात्मा गांधी नरेगा योजना की वार्षिक कार्य योजना राशि रूपये 14087.71/- लाख का तथा ग्राम पंचायत विकास योजना (वर्ष 2025-26) के वार्षिक कार्य योजना का अनुमोदन किया गया है। विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की बिजली एवं पानी की समस्याओं को उठाया। जिस पर उपखंड अधिकारी उमा मित्तल ने विभागीय अधिकारियों को इन समस्याओं के निराकरण हेतु निर्देश भी दिए गए। अनेक जनप्रतिनिधियों ने हर बार की सभा में मुद्दे उठाने और विभागों द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने के आरोप भी लगाए। ग्राम पंचायत सुरजनसर के सरपंच ओमप्रकाश शर्मा ने ठुकरियासर में स्टेट हाईवे पर चल रहें अवैध टोल को बन्द करवाने की पूरजोर मांग उठाई। जिसका समर्थन सरपंच सुनील मलिक व जिला परिषद सदस्य श्रीराम भादू सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने किया। शर्मा ने बताया कि यहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है व आस पास के गांवो में आपसी रिश्तेदारी के चलते ये टोल भुगतना ग्रामीणों के साथ अन्याय है। शर्मा ने लूणकरणसर, कालू लिंक रोड पर धीरदेसर से निकलने पर हुए अतिक्रमण हटवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि यहां अतिक्रमणकारियों ने सड़क को संकड़ा कर दिया है। गांव की बालिका स्कूल में मात्र 4 शिक्षिकाओं के भरोसे शिक्षण प्रभावित होने व शिक्षकों की नियुक्ति करवाने की मांग की। वहीं गांव के स्वीकृत बिजली कार्य करवाए जाने की मांग की। सेरूणा ग्राम पंचायत सरपंच मंजू देवी की ओर से प्रतिनिधि रणवीरसिंह ने नारसीसर में पानी के वॉल बदलने, भादू बास में बंद ट्यूबवैल चालू करवाने, 8 माह से बकाया कर्मचारियों का मानदेय भुगतान जलदाय विभाग से दिलवाने, मुख्य माताजी मंदिर स्थित टंकी की सफाई करवाने, शिव धोरा की चारदीवारी बनाए जाने, साईं बास में नया जीएलआर (होद) बनाने, नारसीसर में  मेघवाल बास में सामुदायिक भवन बनाने, सामुदायिक भवन सेरुणा में निर्माण कार्य करवाने, रामानंद धोरे में सिंगल फेस ट्यूबवेल बनाने की मांगे रखी। सेरुणा पंचायत समिति सदस्य यसोदा भादू ने भी ग्राम पंचायत में ये मांगे रखी। धीरदेसर चोटियान के सरपंच रामचंद्र चोटिया ने गांव में पशु चिकित्सक की नियुक्ति शीघ्र करवाने की मांग की। बिग्गा सरपंच जसवीर सारण ने जलदाय विभाग के संविदा कार्मिकों को भुगतान दिए जाने व गांव में बिजली पानी संबंधी समस्याओं को उठाया। बैठक में पंचायत समिति सदस्य यशोदा देवी, सरपंच मोहन स्वामी, प्रकाशनाथ,भंवरलाल पूनियां,भीखाराम जाखड़, राधेश्याम सिद्ध, सहीराम, बीडीओ मनोज धायल, विभिन्न विभागों के ब्लॉक अधिकारियों सहित सरपंच, पंचायत समिति सदस्य व जिला परिषद सदस्य मौजूद रहें।