






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 जुलाई 2024। श्रीडूंगरगढ़ अंचल में बरसात में हो रही देरी और बिजली नहीं मिलने की पीड़ा से किसान आहत हो गए है। चारों और कृषि कुओं से कम वोल्टेज, बार बार एलडी, कटौती के विरोध के स्वर उठने लगे है। शनिवार को लिखमीसर दिखणादा के किसानों के प्रदर्शन के बाद रविवार शाम गांव बरजांगसर के 132 केवी जीएसएस पर किसानों ने एकत्र होकर किसान एकता जिंदाबाद के नारे लगाए और जमकर विरोध प्रकट किया। यहां किसानों ने 24 घंटे में आपूर्ति सुचारू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। किसानों का आरोप है कि विभाग के तुगलगी फरमान के रूप में एलडी के नाम पर हो रही कटौती व वोल्टेज पूरे नहीं मिलने के चलते किसान संकट में आ गए है। किसानों का आरोप है कि एक सप्ताह से शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक बिजली बंद रहती है। ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए फसलों के जलने की कगार पर खड़े होने की बात कहते हुए रोष जताया। ग्रामीणों ने गांव के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए बताया कि 60 पाईप और 1200-1300 फुट गहरा पानी है। जिससे जो बिजली मिल रही है उसमें भी वोल्टेज 300 से पार नहीं मिल रहें है। इससे मोटरें चल नहीं पाती या जल जाती है। किसानों ने विभाग से बुरी तरह से परेशान होना बताया। उनका आरोप है कि बरजांगसर गांव की अधिकांश आबादी कृषि कुओं पर ढाणी बनाकर रहवास कर रही है और स्कूल से ढाणी आने वाले बच्चों को पढ़ने के लिए बिजली नहीं मिल पा रही है।






