






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 जुलाई 2023। सिद्ध समाज के युवा ना कहीं विधायक या प्रधान बने है ना ही कहीं IAS या RAS बने है। राजनीतिक व शैक्षणिक रूप से पिछड़ा हुआ समाज राजस्थान में केवल सात से आठ जिलों में सिमटा छोटा सा समाज है जिसे ओबीसी से ओबीसी सी वर्ग में शामिल किया जाना चाहिए। ये बात सिद्ध समाज विकास संस्थान के अध्यक्ष व भाजपा के जिला महामंत्री कुम्भाराम सिद्ध ने कही। सिद्ध युवा महासभा के अध्यक्ष भगवाननाथ सिद्ध ने कहा कि सरकार को संवेदनशील होकर सिद्ध समाज को आरक्षण का हक देना चाहिए जिससे समाज के युवाओं को उचित स्थान मिले और सामाजिक, आर्थिक व शैक्षणिक रूप से सक्षम बन सकें। ये बात कहते हुए समाज के मौजिज नागरिकों ने केंद्र सरकार से सिद्ध समाज का हक दिलवाने के लिए अभिशंसा करने का पत्र भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी को सौंपा। जोशी ने सरकार तक उनकी मांग पहुंचाने का आश्वासन दिया। समाज के लोगों ने बताया कि राजस्थान में वर्मा आयोग ने अपनी रिपोर्ट 2001 में पिछड़ा वर्ग की सी श्रेणी में सिद्ध जाति को रखने की बात कही है। समाज के नागरिकों ने उसे लागू कर सिद्ध समाज को सी श्रेणी में शामिल करने की मांग की। इस दौरान पूर्व सरपंच गांव दूकर कुशलनाथ सिद्ध, बम्बलू के पूर्व सरपंच लालनाथ सिद्ध गांव, पूर्व जिला परिषद सदस्य हेमनाथ जाखड़, पूर्व महासभा महामंत्री सादुलनाथ सिद्ध, शिवरतन सिद्ध, राजूनाथ सिद्ध नापासर, रूपनाथ हुड्डा सहित अनेक मौजिज सिद्ध समाज के नागरिक मौजूद रहें।




