






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 नवंबर 2024। सार्वजनिक भूमियों पर अतिक्रमण क्षेत्र के प्राय हर गांव की समस्या है। अनेक बार अचंल के गांवो से अतिक्रमणकारियों द्वारा सार्वजनिक भूमि को हड़पने के मामलों में सुनवाई किए जाने की मांग लेकर ग्रामीण उपखंड मुख्यालय पहुंचते है। बुधवार को गांव दुसारणा में नायक समाज के लोग गांव में स्थित नायक श्मशान भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाने की मांग लेकर विधायक लोक सेवा केंद्र पहुंचे। ग्रामीणों ने विधायक ताराचंद सारस्वत के नाम ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि नायक समाज की श्मशान भूमि खसरा नबंर 89 तादादी 2.8700 हैक्टेयर भूमि स्थित है। जिस पर गांव के ही कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। इन अतिक्रमणकारियों को तहसीलदार श्रीडूंगरगढ़ ने नोटिस भी दिया था जिसका 5 मार्च 2019 को जवाब दिया गया है। लेकिन अवैध कब्जाधारी अभी भी भूमि पर काबिज है जिससे समाज के लोगों को भारी परेशानी हो रही है। ज्ञापन देने मालीराम नायक, मोतीराम नायक, बिशनाराम नायक, श्रवणराम, संतोष नायक, फुसाराम, राजू नायक, प्रदीप, सुभाष, गजेंद्र, परमेश्वर व मुकेश नायक सहित समाज के अनेक लोग शामिल रहें।





