May 21, 2026
e612b145-84f1-4623-b2b8-100f33782971

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 अप्रैल 2021। क्षेत्र के विधायक गिरधारी लाल महिया फील्ड से लेकर जयपुर तक लगातार सक्रिय दिख रहे हैं और हर स्तर पर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के प्रयासों में जुटे हैं। इन्हीं प्रयासों के तहत मंगलवार को विधायक महिया ने जयपुर में मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से विशेष मुलाकात की। मुलाकात के दौरान महिया ने श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र की बिजली, पानी, शिक्षा, सड़क से संबंधित विभिन्न मांगों के अलावा पटवारियों की हड़ताल समाप्त करवाने को लेकर विस्तृत चर्चा की। महिया ने बताया कि प्रदेश में पिछले तीन माह से चल रही पटवारियों की हड़ताल से आमजन व किसान को होने वाली परेशानियों के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत करवा कर जनहित में पटवारियों की मांगों पर उचित विचार कर हड़ताल समाप्त करवाने की मांग की। इसके अलावा गांव जालबसर में बोर्ड परीक्षा केन्द्र को यथावत रखकर ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन समाप्त करवाने को कहा। इस पर मुख्यमंत्री ने बोर्ड परीक्षा केन्द्र यथावत रखने के लिए महिया को आश्वस्त किया है। विधायक महिया ने मुलाकात के दौरान कालू-बीदासर वाया श्रीडूंगरगढ़ मेगा हाइवे हेतु पहले से स्वीकृत निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करवाने, श्रीडूंगरगढ़ में ट्रोमा सेंटर खोलने, बजट में स्वीकृत जल जीवन मिशन योजनान्तर्गत स्वीकृत 708 करोड़ की वृहद् पेयजल परियोजना का कार्य शीघ्र शुरू करवाने की मांगे भी उठाई और क्षेत्र के विभिन्न गांवों की प्रमुख समस्याओं के समाधान हेतु मांगपत्र सौंपे। इन सभी मांगो पर सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधायक गिरधारीलाल महिया को दिया है।