






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 फरवरी 2025। किसानो की उपज को लेकर खरीद गारंटी कानून की मांग पर खनोरी और शंभु बॉर्डर पर लगातार किसान मोर्चा व संघर्ष जारी है। शुक्रवार को चंडीगढ़ में केंद्र सरकार व किसान नेताओं के बीच चर्चा होगी। वहीं संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले गुरूवार को देशभर में एमएसपी की मांग को लेकर ज्ञापन दिए गए। अखिल भारतीय किसान सभा के जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया की अगुवाई में मोर्चा के बैनर तले बीकानेर में कलेक्ट्रेट के सामने दिनभर धरना प्रदर्शन किया गया। महिया ने राज्य व केंद्र सरकार पर किसानो के मुद्दो पर संवेदनहीन होने का आरोप लगाया। महिया ने कहा कि जिले भर मे धरने प्रदर्शनों की सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने मूंगफली खरीद में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि खरीद के नाम पर लूट मचा रखी है जिसमें कई नेता शामिल है। महिया ने कहा कि सरकार की नीतियों के तहत किसानो से जमीनें छीनी जा रही है। सोलर प्लांट के नाम पर पूंजीपति व्यवस्था का पोषण हो रहा है और इन प्लांट्स में स्थानीय को रोजगार भी नहीं दिया जा रहा है। महिया ने कहा कि बीकानेर की धरती आंदोलन की धरती रही है और किसान मोर्चा किसान हित मे संघर्ष करेगा। इस दौरान सरपंच सुनील मलिक, सुनील मेघवाल, अशोक शर्मा, सोहन गोदारा, मुकेश ज्याणी सहित श्रीडूंगरगढ़ व जिले भर से अनेक मोर्चा के कार्यकर्ता पहुंचे।
एडीएम को दिया ज्ञापन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। किसानों से ज्ञापन लेने एडीएम आए व किसानो ने नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों को एमएसपी देने, बिजली का निजीकरण समाप्त करने, राष्ट्रीय किसान आंदोलन में किसानो पर दर्ज मुकदमें वापिस लेने, आंदोलन में किसानो को मुआवजा देने, बकाया फसल क्लेम किसानों के खाते में दिए जाने, खेतों से निकलने वाली 400 केवीए लाइन का मुआवजा भूमि अधिग्रहण 2013 के अनुसार किसानों को दिए जाने व कृषि कनेक्शनों पर 6 घंटे विद्युत आपूर्ति पूरी दिए जाने की मांग की।




