May 20, 2026
WhatsApp Image 2024-01-21 at 17.55.54 (2)

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 जनवरी 2024। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में ईओ पद के लिए चल रही नूरा-कुश्ती में आए दिन नई खबर निकल कर सामने आ रही है। यहां अब हालात यह बन गए है की ईओ पद पर दो दो अधिकारी मौजूद हो गए है एवं दोनो ही अपने आप को सही बताते हुए डटे हुए है। यहां गत सरकार के कार्यकाल के दौरान तैनात किए गए ईओ कुंदन देथा को गत 14 दिसम्बर को एपीओ कर हटा दिया गया था और उसके बाद चार्ज तीन बार बदला गया। अब 19 जनवरी को देथा अपने एपीओ करने के आदेश पर हाईकोर्ट से स्टे ले आए एवं इसी स्टे के आधार पर आज 21 जनवरी को उन्होने बतौर ईओ ज्वाईन भी कर लिया है। वहीं दूसरी और 16 जनवरी को जिला कलेक्टर द्वारा सहायक लेखाधिकारी द्वितीय भवानीशंकर व्यास को ईओ को चार्ज दिया गया था एवं व्यास अभी भी अपने आप को इस पद पर कायम बता रहे है। व्यास ने बताया कि इस संबध में अभी तक स्टे की कोई प्रमाणित प्रति पालिका कार्यालय में नहीं दी गई है एवं इस संबध में उच्चाधिकारियों द्वारा भी कोई आदेश नहीं मिला है। ऐसे में जब तक उच्चाधिकारियों द्वारा कोई निर्देश नहीं दिए जाते कोई आगामी कार्य नहीं हो सकता। अब खैर दोनो में कोई भी ईओ बने लेकिन शहरवासियों में यह चर्चा खासी बलवती है कि आखिर श्रीडूंगरगढ़ ईओ की कुर्सी में ऐसा क्या है कि ये अधिकारी हर किमत पर इसे पाना ही चाहते है। वहीं दूसरी और स्थानीय नेता भी इस विवाद में पड़ कर चर्चा के पात्र बन रहे है। यहां पहले से विवादित रहे अधिकारी को यहां लगवाने पर स्थानीय नेताओं के लिए क्षेत्रवासी खासी चर्चा कर रहे है कि “हमाम में सब एक जैसे ही होते है।“

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। स्टे के बाद ईओ कुंदन देथा ने किया ज्वाईन।

दो दिनों से लटके है ताले, कार्य प्रभावित।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 जनवरी 2024। ईओ कुर्सी पर विराजमान होने के इन अधिकारियों के झगड़े में श्रीडूंगरगढ़ शहरवासी खासे समस्या को झेल रहे है। यहां 22 जनवरी को स्वच्छता संबधी विशेष कार्य करने के लिए एवं किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान के लिए पालिका प्रशासन द्वारा अवकाश के दिन में भी कार्यालय खुलने के आदेश निकाले गए थे। विधायक, पालिकाध्यक्ष सहित पार्षदों की टोली इस मौके को यादगार बनाने के लिए पूरी सक्रियता से जुटी है लेकिन पालिका कार्यालय में पावर हाथ में रखने के लिए अधिकारियों द्वारा कमरों पर ताले लगा कर चाबियां अपने पास ही रखी जा रही है। शनिवार एवं रविवार दोनो दिनों में पालिका कार्यालय में ताले लटके रहे।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अधिकारियों की लडाई में पालिका कार्यालय पर ताले, 22 जनवरी से पहले दिन सफाई व्यवस्था हुई बाधित।