






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 नवबंर 2025। श्याम जन्मोत्सव पर आज श्याम भक्तों में उल्लास का माहौल छाया रहा। श्याम धोरा मंदिर व आड़सर बास श्याम मंदिर में सुबह से ही पहुंचकर श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए व प्रसाद, केक भोग लगाए। दिनभर मंदिरों में बाबा के जयकारे गूंजते रहें। श्याम धोरा मंदिर परिसर को गुब्बारों से सजाया गया है। बाबा का सुदंर श्रृंगार किया गया है। जन्मोत्सव का आयोजन किया जाएगा जिसमें रात्रिकालीन भजन कीर्तन का आयोजन होगा। घरों में भी सत्संग व कीर्तन के आयोजन हुए व श्रद्धालुओं ने बाबा को भोग लगाया।
एजी मिशन स्कूल में मनाया उत्सव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शनिवार को बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर एजी मिशन इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास के साथ उत्सव मनाया गया। प्रधानाचार्य डॉक्टर रजनीश कौशिक ने केक काटकर उत्सव प्रारंभ किया व बाबा के जन्मदिन की सभी भक्तों को बधाई दी। विद्यालय के संरक्षक चौधरी उदाराम ने पारंपरिक रूप से तिलक कार्यक्रम संपन्न करवाया। यहां भजन कलाकार हनुमान कुदाल ने भजनों की प्रस्तुतियां दी जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। विद्यार्थियों व स्टाफ ने भजन कीर्तन में भागीदारी निभाई।







