






22 दिन, 1100 किलोमीटर, पहुंचे पदयात्री अयोध्या, मिल रही बधाइयां।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 जनवरी 2025। आगामी दिनों में 11 जनवरी को रामलला की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह की प्रथम वर्षगांठ का उत्सव चारों ओर छाने लगा है। श्रीडूंगरगढ़ में विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर सभी मंदिरों में आयोजन होंगे। ऐसे उत्सव के माहौल में खबर अयोध्या से आई है। सोमवार सुबह श्रीडूंगरगढ़ के पदयात्री प्रदीप माली, नौरंग प्रजापत, लालचंद प्रजापत, श्याम तिवाड़ी, महेश सिखवाल पहुंच गए है। दल के साथ सेवादार मुन्नीराम ज्याणी व वाहन चालक भागीरथ गोदारा के साथ ये सभी मंगलवार सुबह रामलला के दर्शन करेंगे। बता देवें ये पदयात्री 15 दिसंबर 2024 को श्रीडूंगरगढ़ से रवाना हुए और 7 जनवरी सोमवार को यात्रा पूर्ण कर ली है। क्षेत्र के अनेक धर्मप्रेमी लोग इन्हें अयोध्या पहुंचने व रामलला के दर्शन की बधाई दे रहें है।

हर्षोल्लास के साथ मनाया कृष्ण जन्मोत्सव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मोमासर बास में करणी गौशाला में आयोजित भागवत कथा में सोमवार को चौथे दिन हर्षोल्लास के साथ कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। कथावाचक निर्मल महाराज ने कृष्ण जन्म कथा का वर्णन करते हुए कहा कि अधर्म के विनाश व धर्म की रक्षा के लिए भगवान को धरती पर आना ही पड़ता है। कृष्ण जन्म की घोषणा के साथ ही पांडाल जयकारों से गूंज उठा और नाचते गाते श्रद्धालुओं ने नंदोत्सव मनाया। यहां माखन मिश्री सहित मिष्टान्न का प्रसाद वितरण किया गया। पांडाल को गुब्बारों से सजाया गया व सुंदर झांकी भी सजाई गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा में शामिल हुए। करणी गौसेवा समिति सदस्यों द्वारा कथा की व्यवस्थाओं को संभाला जा रहा है।

बुधवार को मूंधड़ा मंदिर व गणेश मंदिर में पौष बड़ा का होगा आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बुधवार, 8 जनवरी को आड़सर बास के मूंधड़ा मंदिर में पौष बड़ा का आयोजन होगा। मंदिर प्रांगण में आड़सर बास सत्संग मंडली द्वारा शाम 4 से 6 भजन कीर्तन का आयोजन होगा। उसके पश्चात महाआरती होगी तथा पौष बड़ा का ठाकुरजी को भोग लगाकर श्रद्धालुओं द्वारा प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। वहीं बुधवार को बिग्गाबास स्थित गणेश मंदिर में राधिका सत्संग मंडली द्वारा पौष बड़ा का आयोजन किया जाएगा। यहां मंडल की महिला सदस्य दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक धूमधाम से भजन कीर्तन का आयोजन संपन्न करेंगी। 5 बजे बाद महाआरती व पौष बड़ा का भोग भगवान को लगाया जाएगा। दोनों ही आयोजनों की तैयारी में श्रद्धालु जुट गए है व सभी भक्तों को कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह भी किया है।
आज रात 9.30 से कल शाम 5 बजे तक बंद रहेंगे पट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। खाटूश्यामजी बाबा श्याम को अमावस्या पर स्नान कराने के बाद मंगलवार को विशेष पूजा अर्चना व तिलक श्रृंगार किया जाएगा। इसके चलते मंदिर के पट सोमवार रात्रि 9.30 बजे बंद होंगे और मंगलवार शाम पांच बजे खुलेंगे। मंदिर कमेटी अध्यक्ष पृथ्वीसिंह चौहान ने बताया कि मंगलवार को तिलक श्रृंगार के बाद शाम 5 बजे पट खोल दिए जाएंगे।



