






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 सितंबर 2023। क्षेत्र के गांव माणकरासर में 33 केवी जीएसएस प्रांगण में कल रात से किसान पूरी बिजली के लिए धरना देकर बैठे है। आज इस धरने पर विधायक गिरधारीलाल महिया पहुंचे और किसानों की समस्याएं सुनी। किसानों ने विधायक को शिकायत करते हुए कहा कि बिजली सप्लाई में कर्मचारियों द्वारा जानबूझकर अनियमितता बरती जा रही है। इस पर महिया ने उनकी बिजली समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। महिया ने निगम के आला-अधिकारियों से वार्ता करके जल्द से जल्द समस्या का समाधान करवाने की बात कही। विधायक ने कहा कि पूरे प्रदेश में बारिश के अभाव में गहराए बिजली संकट के चलते भी सप्लाई में कटौती की जा रही है। इस दौर में लगातार अधिकारियों की मॉनिटरिंग कर क्षेत्र के किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहें हैं।





