May 20, 2026
IMG-20210103-WA0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 जनवरी 2022। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका हांडी में गुड़ फोड़ने की अपनी कार्यशैली के चलते लगातार विवादों के घेरे में रहती है। गुरुवार को तो यहां एईएन पद पर कार्यरत सरकारी कर्मचारी ने अपने फायदों के लिए कार्य होना बताया और अधिशासी अधिकारी के खिलाफ प्रश्नचिन्ह खड़ा किया। अधिकारी इतने दबंग की किसी को जवाब नहीं देते और गुरुवार को दिन भर दरवाजा नहीं खोला। गुरुवार को पालिका में जोरदार हंगामा हुआ और टेंडर की कॉपियां फाड़ी गयी व जमकर भ्रष्टाचार के आरोप लगाये गए। किसी को कानों कान खबर नहीं लगने देना और पालिका कर्मचारियों में भी भारी अविश्वास होना पालिका को चर्चाओं में ले आया है। गुरुवार को भी निर्धारित समय तक टेंडर की कॉपी नहीं देने पर परिसर में ठेकेदारों ने हंगामा किया और पालिका अधिशाषी अधिकारी पर अपने चहेतों को ही मनमर्जी से टेंडर बांटने का आरोप लगाया। जानकारी के अनुसार करीब 25 लाख की लागत से बनने वाली कस्बे की पांच सड़को के टेंडर गुरुवार को होने थे। सुबह 11 बजे तक टेंडर की कॉपी लेने का समय था। इस दौरान ठेकेदार भी टेंडर की कॉपी लेने के लिए पहुंचे। लेकिन पालिका परिसर में कोई सक्षम अधिकारी उपस्थित नहीं होने के कारण निर्धारित समय 11 बजे तक टेंडर की कॉपी ठेकेदारों को नहीं मिली और गुस्साए ठेकेदारों ने टेंडर की कॉपी के लिए दिए जाने वाले आवेदन को भी फाड़कर कर फेंक दिया। ठेकेदारों ने कहा कि यहां कभी तय समय पर टेंडर नहीं किए जाते या तो टेंडर की तारीख आगे बढ़ाते रहते है या टेंडर रद्द भी कर देते है। उन्होंने कहा कि पालिका घपलों का गढ़ बन गया है और दो साल पुराने टेंडरों के कार्य आदेश भी जारी किए जा रहे है। बता देवें श्रीडूंगरगढ़ पालिका में भ्रष्टाचार की शिकायतें जिला कलक्टर से लेकर विधानसभा तक हुई है।