






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अक्टूबर 2020। इस दिवाली देसी गाय के गोबर से हवन की सुंगध उठने वाला दीपक जला कर घर को शुद्ध किया जाएगा। ये दिए गोबर के साथ गोंद के प्रयोग से बनाएं गए है व साधारण दीपक 2 रुपए का तथा हवन सामग्री मिला कर बनाया गया दीपक 5 रुपए का है। बीकानेर गौशाला संघ के अध्यक्ष सुरजमाल सिंह नीमराणा ने जानकारी देते हुए बताया कि ये दीपक श्रीडूंगरगढ़वासियों के लिए श्रीडूंगरगढ़ में संघ उपाध्यक्ष सत्यनारायण स्वामी तथा तंवर ट्रेवल्स के पास उपलब्ध होंगे। नीमराणा ने बताया कि बीकानेर में तुलसी सर्किल पर तुलसी गौशाला, शिव बाड़ी मंदिर सहित कई स्थानों पर उपलब्ध रहेंगे। इस दीपक को जलाने के पश्चात खाद के रूप में काम लिया जा सकेगा। आज इन दीपकों को तुलसी गौशाला में आज “गौमय कामधेनु दीपावली महायज्ञ अभियान” के प्रारंभ में प्रदर्शित किया गया। संत रामेश्वरा नंद दाताश्री, संवित सुबोध गिरी महाराज, महामंडलेश्वर सरजू दास महाराज के सानिध्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बीकानेर महापौर सुशीला कंवर, उपमहापौर राजेन्द्र पंवार अतिथि रूप में शामिल हुए। बीकानेर गौशाला संघ के अध्यक्ष सुरजमाल सिंह नीमराणा ने बताया कि गोबर में लक्ष्मी का वास है और गोबर से निर्मित दीपक जलाने से घर धन धान्य से पूर्ण होगा। उन्होंने कहा इस बार राम मंदिर निर्माण के साथ राम अयोध्या लौटे है तथा इस दिव्य दिवाली में वातावरण शुद्ध करने के लिए ये 11 दीपक जरूर जलाएं। दीपक के साथ मात्र 31 रुपये में लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति भी मिल सकेगी। कार्यक्रम का संचालन अरविंद उभा ने किया। बीकानेर गौशाला संघ के महामंत्री निरंजन सोनी महाजन ने सभी का आभार प्रकट किया।





