






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 सितंबर 2022। बड़े अरमानों के साथ लाखों रुपए खर्च कर बेटी का विवाह करने वाले माता पिता उसके सुख के लिए अनेक उपक्रम करते है। परन्तु दहेज दानव के कारण टूटते विवाह बंधन से कई परिवारों में निराशा छा जाती है। कस्बे की बेटी से ससुराल वालों ने एक कार व 21 लाख रूपए नगद मांगे और नहीं देने पर मात्र तीन माह में ही घर की लक्ष्मी को मारपीट कर घर से निकाल बाहर किया। परेशान युवती ने थाने पहुंच कर मामला दर्ज करवाया ससुराल वालो के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। मोमासर बास निवासी प्रिया पुत्री शंकरलाल खट्टड़ ने अपने पति युवराज झंवर, ससुर राजेश पुत्र सुरजभान माहेश्वरी, सास दिप्ती, ननद हंसा निवासी रक्षा अपार्टमेंट, एम ब्लॉक, नागरिक धर्मशाला के पास किदवई नगर, कानपुर पर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। प्रिया ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 12 मई 2022 को पूर्ण रीति रिवाज के साथ संपन्न करवाया गया। परिजनों ने सगाई व विवाह में करीब 2 लाख 70 हजार रूपए नगदी देने के साथ ही सोने चांदी के अनेक आभूषण सहित खूब सामान दिए। पीड़िता ने बताया कि जब वह ससुराल पहुंची तो कम दहेज के ताने देकर पति, सास, ससुर व ननद ने उसे तंग परेशान करने लगे। एक कार व 21 लाख की मांग दोहराते हुए मानसिक व शारीरिक क्रुरता करते। पीड़िता के परिजनों ने घर बसाने के लिए उसके ससुराल जाकर समझाईश का प्रयास किया परंतु वे अपनी दहेज की मांग पर अड़े रहें। जब परिजनों ने दहेज के लिए स्पष्ट मना कर दिया तो आरोपियों ने प्रार्थिनी के साथ मारपीट कर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक बलबीर सिंह के सुपुर्द कर दी है।



