






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 जुलाई 2025। एक शिक्षक सेवानिवृत्ति के बाद भी शिक्षा, पर्यावरण, समाजोत्थान, जागरूकता के विभिन्न क्षेत्रों में अनवरत कार्य करता है। शिक्षक के अलावा अन्य कोई विरला ही होता है जो सेवानिवृत्ति के बाद भी सामाजिक सरोकारों से वास्ता रखता है। समाज में शिक्षक का स्थान कोई नहीं ले सकता। ये विचार चूरू जिलाकलेक्टर अभिषेक सुराणा ने रखे। वे रविवार को तारानगर के टैगोर इंटरनेशनल स्कूल में पुरस्कृत शिक्षकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश की सीमा पर कार्य करना तो देश सेवा है ही, इसके अलावा देश के भीतर रहकर विभिन्न क्षेत्रों में किए जाने वाले कार्य भी देश की सेवा ही है। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि आज विद्यार्थी परीक्षाओं में अच्छे अंकार्जन कर आगे बढ़ रहे हैं, किंतु उनमें समाचार पत्र एवं पुस्तकें पढ़ने की आदत लुप्त प्रायः हो चुकी है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों द्वारा ज्ञान प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, वे स्वभाव से विनम्र बनें, मान-सम्मान एवं कृतज्ञता प्रकट करना सीखें ताकि वे राष्ट्र के लिए उपयोगी बन सकें। प्राचीन समय में गुरुकुल में समीचीन सुविधाएं नहीं होने के बावजूद लोग पढ़े हैं। पढ़ने की इच्छा रखने वालों के लिए संसाधन कोई महत्व नहीं रखते। पूर्व उपनिदेशक डॉ. ज्ञान प्रकाश गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय सम्मेलन में सुराणा ने शिक्षा, पर्यावरण, खेल, समाज सेवा, जनसहयोग प्रभृति क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इसी शृंखला में जिला कलक्टर ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए डॉ. राधाकिशन सोनी श्रीडूंगरगढ़, चैननरूप दायमा, उमरद्दीन सैयद, अनीता चौधरी, गौरीशंकर वशिष्ठ, सुरेंद्र कुमार सारण, यासीन खां, धनराज, कुलदीप व्यास, ओम नाथ, जसवंत सिंह पूनियां आदि को प्रतीक प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी सूर्यप्रकाश त्रिवेदी, पूर्व मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कुलदीप व्यास, शिक्षाविद ओमप्रकाश तंवर, पूर्व जिला साक्षरता अधिकारी ओमप्रकाश फ़गेड़िया, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी डॉ. सुमन जाखड़, पर्यावरणविद डॉ. हरिसिंह गोदारा आदि ने शिक्षा क्षेत्र के नवाचारों की जानकारी दी। सम्मेलन के संयोजक खीराजसिंह भाकर, टैगोर स्कूल के निदेशक बलवीर सिंह सारण ने आभार प्रकट किया। सम्मेलन में तारानगर के उपखंड अधिकारी राजेंद्र कुमार, तहसीलदार महेंद्र कुमार गहलोत, लायंस क्लब के अध्यक्ष सुमेरसिंह सहित 50 से अधिक शिक्षकों ने भाग लिया। हरियाली तीज के अवसर पर जिला कलक्टर सहित सभी अतिथियों एवं शिक्षकों ने पौधरोपण के पर्यावरण-संरक्षण का संदेश भी दिया।





