





श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 मई 2026। ग्रामीण युवा टंकी पर चढ़ गए और बुजुर्ग ग्रामीणों ने जमकर नाराजगी जताते हुए नारेबजी की, परंतु गांव रीड़ी की पेयजल समस्या आज सात दिन बाद भी जस की तस बनी हुई है। इसी को लेकर शनिवार को ग्रामीण एकत्र हुए है और संघर्ष की रणनीति पर वार्ता की जा रही है। संघर्ष समिति रीड़ी के तुलसीराम जाखड़ ने बताया कि प्रशासन को आंदोलनों की ही दरकार है, ग्रामीणों की हरगिज सुनवाई नहीं हो रही और आमजन बिना पानी बुरी तरह से परेशान है।
ग्रामीणों ने बताया कि 16 मई को दिए गए धरने व प्रर्दशन में युवा नेता हेतराम जाखड़ की मौजूदगी में मौके पर पहुंचे प्रशासनिक दल ने विभागीय अधिकारी व ग्रामीणों के मध्य समझाईश करते हुए वार्ता करवाई। परंतु जलदाय विभाग घोर बेपरवाह है। ग्रामीणों ने विभाग ने मानी गई सात मांगो में से एक भी मांग पर पूरा कार्य नहीं किए जाने की बात कही। 20 दिन से पेयजल समस्या से जूझ रहें ग्रामीण परेशान हो गए है। विभाग ने तीन दिन गांव में टैंकर से जलापूर्ति करवाई व उसके बाद वही ढाक के तीन पात। ग्रामीण युवाओं ने कहा कि एक ओर पेजयल विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है और दूसरी इस विभाग के अधिकारी ना तो आमजनता की सुनवाई करते है ना ही समस्या का समाधान करते है। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए उग्र आंदोलन की राह अपनाने की बात कही।






