May 21, 2026
WhatsApp Image 2024-01-14 at 16.01.31

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 जनवरी 2024। अयोध्या में बने भव्य मंदिर प्रांगण में भगवान श्रीराम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा उत्सव के लिए देश भर में विभिन्न स्तरों पर तैयारियां हो रही है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह के चलते राजस्थान में संयुक्त शासन सचिव द्वारा 22 जनवरी को राज्य भर में सूखा दिवस घोषित किया गया है। वित्त एवं आबकारी विभाग के संयुक्त शासन सचिव जसवंत सिंह की ओर से इस संबंध में आज यानि 14 जनवरी को आदेश जारी कर दिए गए हैं। इन आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह होना है। इसे दृष्टिगत रखते हुए पूरे प्रदेश में सूखा दिवस रहेगा। अर्थात प्रदेश में शराब की सभी दुकानें 22 जनवरी को बंद रहेंगी।

जयपुर में मीट की दुकानें बंद रखने के भी निर्देश जारी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ड्राई डे घोषित किए जाने से कुछ दिन पहले जयपुर में मीट की दुकानें बंद रखे जाने के आदेश जारी हो चुके हैं। जयपुर में दो नगर निगम हैं। पिछले सप्ताह जयपुर नगर निगम हेरिटेज की महापौर मुनेश गुर्जर ने हेरिटेज क्षेत्र की सभी मीट की दुकानें 22 जनवरी को बंद रखने के आदेश जारी किए। इसके चार-पांच दिन बाद जयपुर नगर निगम ग्रेटर की महापौर सौम्या गुर्जर ने भी ग्रेटर क्षेत्र में स्थित मीट की दुकानें बंद रखे जाने के आदेश जारी कर दिए। दोनों महापौर ने यह निर्णय श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को ध्यान में रखते हुए लिया।

कई संगठनों की थी ड्राई डे रखने की मांग।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जयपुर में मीट की दुकानें बंद रखे जाने के आदेश के साथ ही कई सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने शराब की दुकानें बंद किए जाने की मांग रखी। इस पर महापौर ने कहा कि यह निर्णय राज्य सरकार ही कर सकती है। शराब की दुकानें बंद करने के लिए नगर निगम अधिकृत नहीं है। ऐसे में विधायक गोपाल शर्मा सहित कई विधायकों और संगठनों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से 22 जनवरी को ड्राई डे घोषित करने की मांग की। अंतत रविवार 14 जनवरी को राज्य सरकार ने 22 जनवरी को ड्राई डे रखे जाने के आदेश जारी कर दिए।