






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 नवंबर 2025। कस्बे के 75 वर्षीय बुजुर्ग चैनरूप झाबक उम्रवश भूलने की बीमारी के शिकार हो गए। बुजुर्ग शनिवार शाम करीब 7 बजे घर से निकले और 9.30 बजे तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजनों के आग्रह पर श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स ने तत्परता से बुजुर्ग के लापता होने की खबर का प्रकाशन किया। श्रीडूंगरगढ़ निवासी रवि पुत्र शिव नाई ने टाइम्स में प्रकाशित खबर को देखकर सजगता से हाइवे पर करणी हैरिटेज के पास बुजुर्ग को देखने व फोटो से मिलान कर पहचान करने की बात कहते हुए टाइम्स में दिए हुए अशोक झाबक के नबंर पर फोन कर सूचना दी। झाबक ने तुरंत मौके पर पहुंच कर तलाश की तो उसी दिशा में खड़े एक ट्रक ड्राइवर ने बताया कि बुजुर्ग उसी ओर जा रहें है। ऐसे में झाबक उसी राह आगे गए तो गांव सातलेरा से करीब 300 मीटर पहले बुजुर्ग सड़क किनारे चलते हुए मिल गए। वे कहीं गिरने से वे चोटिल भी हो गए। झाबक उन्हें उपजिला अस्प्ताल लेकर पहुंचे और उपचार करवाने के बाद सकुशल घर तक पहुंचाया। परिजनों ने चैन की सांस ली और श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स की तत्परता और रवि नाई की सजगता के लिए आभार जताया।



