May 20, 2026
IMG-20250703-WA0041

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 जुलाई 2025। राज्यभर में बुधवार को व्यापार बन्द पूरी तरह से सफल रहा। राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ के आह्वान पर राज्य की सभी 247 मण्डिया बन्द रही। तेल मील, दाल मील, आटा मील व मसाला उद्योगों ने बंद को पूरा समर्थन दिया। इस व्यापक समर्थन को देख सीएम भजनलाल शर्मा ने मामले की गंभीरता को समझते हुए संघ के प्रतिनिधि मंडल को बुलाया। श्रीडूंगरगढ़ मंडी व्यापार संघ अध्यक्ष ओमप्रकाश भादू ने बताया कि मण्डल का नेतृत्व संघ के चेयरमेन बाबूलाल गुप्ता ने किया। साथ में कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश चन्द्र अग्रवाल, तेल मिल प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष मनोज मुरारका, दाल मिल प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष पवन अग्रवाल, मसाला उद्योग से विट्ठल अग्रवाल, अलवर व्यापार मण्डल अध्यक्ष सत्यविजय गुप्ता तथा दो अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे। मुख्यमंत्री आवास पर वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषक कल्याण फीस को केवल 50 पैसे प्रति सैंकड़ा लागू करने की घोषणा की। साथ ही, अन्य उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निर्देश जारी किए। भादू ने बताया कि मुख्यमंत्री की देर रात घोषणा के बाद अब 3 जुलाई से प्रदेश की समस्त मण्डियों में व्यापार पूर्ववत सामान्य रूप से संचालित होगा।