






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 मई 2025। वन विभाग की टीम ने बापेउ गांव की रोही में तीतर के शिकार की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह ने बताया कि गोपालसर गांव के निवासी राजपाल पुत्र धन्नाराम और शीशपाल पुत्र पेमाराम बापेउ गांव की रोही में तीतर का शिकार करने के उद्देश्य से घूम रहे थे। स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें देखकर तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही दोनों आरोपी फरार हो गए। बाद में मुखबीर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने दोनों आरोपियों को गोपालसर गांव की ढाणी से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उन्हें कल न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।




