






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 मार्च 2026। श्रीडूंगरगढ़ में बड़ी ईदगाह प्रांगण में सैंकड़ों मुस्लिम धर्मावलंबी एकत्र हुए और ईद उल फितर की नमाज अदा की। खुदा के सजदे में सिर झुके और हर हाथ देश में अमन चैन की दुआ के लिए उठे।
ईदगाह में जामा मस्जिद के इमाम फजले हक अशरफी ने नमाज अदा करवाई। ईदगाह से लेकर मस्जिदों तक रौनक छाई है। नए वस्त्र पहन कर नमाज के बाद सभी लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। महिला वर्ग ने घरों में नमाज अदा की और परिवार की खुशहाली की दुआ मांगी। असगर अली ने बताया कि कांग्रेसी नेता केसराराम गोदारा और विमल भाटी, सामाजिक कार्यकर्ता आशीष जाड़ीवाल ईदगाह पहुंचे और सभी को ईद की मुबारकबाद दी। सीओ निकेत पारीक, थानाधिकारी कश्यपसिंह राघव, सेरूणा एसएचओ संध्या बिश्नोई स्टाफ के साथ मौजूद रहें और सभी को ईद की मुबारकबाद भी दी। ईदगाह के बाहर मेले का सा माहौल है और खिलोनों व गुब्बारों की दुकाने सजी है। बच्चों ने खिलोने खरीदे और लोगों ने जरूरतमंदों को जकात देने की रस्म भी अदा की। गांव मोमासर में मदीना दिनुल ईस्लामिया मस्जिद में इमाम नजरूल इस्लाम ने नमाज अदा करवाई। यहां सदर याकूब हुसैन सहित मुस्लिम धर्मावलंबियों ने सामूहिक रूप से ईद की नमाज अदा की और देश में अमन चैन की दुआ मांगी। सभी ने एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।













