






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 मई 2022। रात करीब 9 बजे से 10 बजे के बीच श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में जैसे प्रकृति का कहर बरसा। कई गांवो में ग्रामीणों को भारी नुकसान हुआ है। लोढेरा, डेलवां, गुसाईसर बड़ा, धीरदेसर चोटियान की रोही में भयंकर अंधड़ उठा जिसमें पशुओं के रहने के छपरे उड़ गए, टेन से बनी छते क्षतिग्रस्त हुई। गुसाईसर बड़ा में जमनादास स्वामी के खेत में ट्रांसफार्मर सहित पोल धराशाई हो गया। लिखमीसर उत्तरादा में किसान तोलाराम पुत्र रेवंतराम जाट के खेत मे आकाशीय बिजली गिरने से मकान व नलकूप का पूरा समान जलकर नष्ट हो गया। किसान का मकान बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया व ग्रामीण प्रशासन से मदद की मांग कर रहें है। ऊपनी व लिखमादेसर में बड़ी संख्या में किसानों ने मूंगफली बिजाई कर ली थी और छोटी छोटी उग आई मूंगफली की पौध को तेज अंधड़ व ओले गिरने से नुकसान हुआ है। तोलियासर में भागवत के भव्य सजाए गए पांडाल को नुकसान पहुंचा व जेतासर में बरसात हुई है। गांव जैसलसर के कच्चे मार्ग में पेड़ गिरने से रास्ता बंद हो गया है और आस पास के खेतों के किसान रास्ता खोलने में जुटे है। गांव दुसारना में भारी ओलावृष्टि हुई है संभवतः सर्वाधिक ओले क्षेत्र में दुसारना क्षेत्र में ही गिरे है। यहां आंवले के आकार के भारी ओले गिरे। सोनियासर मिठिया में भी बरसात के साथ ओले गिरे। कोटासर, कल्याणसर पुराना, मनकरासर में भी तेज अंधड़ के साथ बरसात हुई व चने के आकार के ओले गिरे। बता देवें इस तूफान ने पूरे क्षेत्र में सामान्य जन जीवन को प्रभावित किया है वहीं ग्रामीणों में मौसम बदलते स्वरूप पर चर्चाएं चल पड़ी है।






















