






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 सितंबर 2025। रविवार रात कस्बे में हुई भारी बरसात के शुरू होते ही बिजली विभाग द्वारा बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। बरसात रूकने के बाद अधिकांश शहर की बिजली व्यवस्था सुचारू कर दी गई। परंतु विभागीय लापरवाही के कारण सारी रात हजारों लोग और एक अस्पताल में भर्ती मरीज, उनके परिजन, स्टाफ बुरी तरह से परेशान हुए। शहर में करीब 11 बजे बिजली बहाल कर दी गई। परंतु पूरा आड़सर बास व माणक चौक, रानी बाजार व तुलसी सेवा केंद्र में लोग बिना बिजली के पूरी रात बुरी तरह से परेशान हुए। लोग एक दूसरे को फोन कर बिजली आने के बारे में जानकारी पूछते रहें। धोलिया जीएसएस से आडसर बास व माणक चौक फीडर के करीब 50 ट्रांसफार्मर बन्द रहें। कुछ लोग रात को धोलिया फीडर भी पहुंच गए। यहां आड़सर बास व माणक चौक दो फीडर बंद पाए गए व विभागीय कार्मिक नदारद मिला। लोगों ने काफी मशक्कत कर कार्मिक को ढूंढने व उससे फोन पर संपर्क के प्रयास किए पर वे सफल नहीं हो पाए। आखिर कार हजारों लोग सारी रात बिना बिजली के परेशान हुए। रविवार शाम 5 बजे से बन्द बिजली सोमवार सुबह करीब पौने सात बजे बहाल हो सकी। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक छोटी से लापरवाही का खामियाजा हजारों लोागों ने भुगता। जिससे नाराज लागों विभाग पर खासी लापरवाही के आरोप लगाए।



