






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 सितंबर 2025। बिजली विभाग द्वारा बकाया बिल वाले कृषि कनेक्शनों पर ट्रांसफार्मर उतारने का अभियान चलाया जा रहा है। और मूंगफली पकाव के समय पर हो रही विभाग की इस कार्रवाई का क्षेत्र के नेता व किसान पूरजोर विरोध जता रहें है। शुक्रवार व शनिवार को हुई इस कार्यवाही को लगातार जारी रखने की बात विभागीय अधिकारियों ने कही थी लेकिन निगम की टीमें खेतो में जाती उस से पहले सोमवार को किसान ही श्रीडूंगरगढ़ पहुंच गए। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के आह्वान पर किसानों व युवाओं ने विभाग के खिलाफ जम कर रोष जताया। भारतीय किसान संघ टिकेत के जिलाध्यक्ष पूनमचंद नैण की अगुवाई में हुए इस विरोध प्रदर्शन में युवा नेता विवेक माचरा भी शामिल हुए। किसानों ने यहां नारेबाजी करते हुए नाराजगी जताई। नैण ने किसानों पर दमनात्मक कार्रवाई बताते हुए इसे तुरंत बंद करने की मांग की। डॉ माचरा ने कहा कि प्रतिवर्ष फसल लेने के बाद ही किसान बिल भरते आए है और इस बार विभाग किसान विरोधी नीति पर उतर आया है। ऐसे में हम विभाग का पूरजोर विरोध करेंगे। सभी ने बिल भरने के लिए फसल पकने एवं मंडी में बिकने तक का समय देने की मांग की ओर तब तक ट्रांसफार्मर उतारने की स्थिति में निगम दलों का पुरजोर विरोध करने की चेतावनी दी है।




