






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 अगस्त 2023। पढ़ें दिनांक 28 अगस्त 2023 सोमवार की छोटी-बड़ी खबरें एक साथ इवनिंग न्यूज एक्सप्रेस में एक साथ।
मोटर बदलने से दूर हुआ पेयजल संकट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 अगस्त 2023। कस्बे के प्रताप बस्ती, वार्ड 15 व 16 में गत कई दिनों से पेयजल सकंट छाया हुआ था। जलदाय विभाग के पास जाने पर प्रताप बस्ती के लिए बने टयुबवैल की मोटर जलने एवं टेंडर के क्रम में बदलवाने की मजबुरी जताई गई। ऐसे में मोहल्लेवासियों ने विधायक गिरधारी महिया से मिल कर समस्या समाधान करवाने की मांग की। महिया ने त्वरित प्रभाव से मोटर बदलने के निर्देश विभाग को दिए और सोमवार को टयुबवैल पर लोरिंग मशीन के साथ नई मोटर लग गई। इससे मोहल्ले में पेयजल सकंट दूर होने पर मोहल्लेवासी आनंद मारू, भंवरलाल प्रजापत, रामचंद्र गीला सहित अनेक नागरिकों ने विधायक का आभार जताया।

नेता प्रतिपक्ष ने घर घर जाकर जानी समस्याएं, दी योजनाओं की जानकारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 अगस्त 2023। नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख ने अपने अभियान के तहत सोमवार को वार्ड 8 में घर घर पहुंच कर सम्पर्क किया। इस दौरान पारख ने वार्डवासियों को जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी व मोहल्लेवासियों ने पेयजल संकट के बारे में बताया। सम्पर्क अभियान के दौरान कांग्रेस नेता विमल भाटी, ब्लॉक कांग्रेस महिला शहर अध्यक्ष द्रोपदी प्रजापत, शराफत अली, राकेश सिद्ध, विमल, सद्दाम, सलीम तेली, इस्माईल, पारस नाई आदि वार्डवासी मौजूद रहे।

नवमतदाताओं को संभालने की जिम्मेदारी स्वामी और पारीक को।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 अगस्त 2023। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर बनने वाले नवमतदाताओं को भाजपा से जोड़ने की जिम्मेदारी भाजयुमो ने उठाई है। इसके लिए भाजयुमो द्वारा नव-मतदाता अभियान शुरू किया गया है एवं इस अभियान के प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी व सहप्रभारी मनोनीत किए गए है। भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अंकित गुर्जर चेची के निर्देशों पर अभियान के प्रदेश संयोजक विशाल पार्थ ने यह मनोनयन किया है। इसी क्रम में श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए भाजयुमो नेता सुरेन्द्र स्वामी जोधासर को संयोजक एवं आईदान पारीक धनेरू को सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। आईदान पारीक ने बताया कि अभियान के तहत क्षेत्र में नवमतदाताओं को भाजपा की विचारधारा के बारे में बताते हुए एवं देशहित में मतदान करने के लिए जागरूक किया जाएगा।





