






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 जनवरी 2024। गत चार दिनों से नागरिकों ने कोहरे से राहत महसूस की परंतु आज सुबह पुन: पूरा अंचल कोहरे की चपेट में नजर आया। हाइवे पर गाड़ियों की गति को कोहरे ने कंट्रोल कर दिया और गाड़ियां धीरे धीरे चलती नजर आई। अनेक वाहन चालक श्रीडूंगरगढ़ के आस पास ही चाय की दुकानें देख कर रूक गए व कोहरा कम होने का इंतजार करते भी नजर आए। बता देवें चुरू जिला भारी कोहरे की चपेट में है और बिग्गा से कितासर की ओर जाने से हाइवे पर दृश्यता और कम होती व बढ़ता कोहरा भी नजर आया। मौसम विभाग ने आगामी दो दिन मौसम में ठंडक होने की संभावनाए जताई है। क्षेत्र के गांव बरजांगसर के किसान राम चौधरी ने बताया कि आज सुबह जैसे ओस बरस रही थी और इससे जीरा सरसों सहित सभी फसलों को लाभ मिलेगा। लोढेरा बीरबल जाट ने बताया कि किसान धंवर छाने से प्रसन्न है परंतु कोहरे के साथ चल रही ठंडी हवा के कारण परेशान है। क्योंकि ठंडी हवा से फसलों के झुलसने की संभावना बढ़ जाती है जिससे पाला पड़ने की आशंका बनी रहती है। सोनियासर गोदारन के विजयपाल गोदारा ने बताया कि ठंड बढ़ने से फसलों को लाभ होगा परंतु ग्रामीण जन जीवन भी प्रभावित हो गया है।










