May 20, 2026
4

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 अगस्त 2025। क्षेत्र का प्रसिद्ध तीन दिवसीय पूनरासर मेला 28, 29 व 30 अगस्त को होगा। मेले में एक दिन शेष है और तैयारियां परवान पर है। मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है और इसे लेकर प्रशासन व पुलिस द्वारा भी वृह्द स्तर पर तैयारियां की जा रही है। बीकानेर जिले व श्रीडूंगरगढ़ अंचल से हजारों की संख्या में पैदल संघ बाबा के दर्शन करने पहुंचेगे। मेले को लेकर प्रशासन भी मुस्तैद है। पुजारी ट्रस्ट द्वारा जयराम धर्मशाला में श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था की जा रही है। धर्मशाला में कमरे भी पहले आओ व पहले पाओ के आधार पर नि:शुल्क ही दिए जाएंगे। वहीं मंदिर की विशेष साज सज्जा प्रारंभ कर दी गई है। ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल व्यवस्था हेतु पानी के दो बड़े टैंकर भी लगवाए जाएंगे। ट्रस्ट की मांग पर नगरपालिका द्वारा मोबाइल शौचालय व फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी की जाएगी। स्थानीय प्रशासन सहित जिला प्रशासन भी पूनरासर मेले के लिए अलर्ट मोड पर कार्य कर रहा है।
पुलिस प्रशासन रहेगा मुस्तैद, फेस स्कैनर से मंदिर परिसर में होगी निगरानी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मेले के दौरान पुलिस द्वारा पूरी चौकस निगरानी रखे जाने की तैयारी जिला पुलिस ने की है। एसपी कावेंद्र सिंह ने मेले की सुरक्षा के लिए 500 से अधिक जवान तैनात करने की व्यवस्था की है। पदयात्रा मार्ग में सादावर्दी में पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। मंदिर परिसर में फेस रिकॉग्नाइजेशन कैमरे लगाए जाएंगे। एएसपी, डीवाईएसपी और पुलिस स्तर के अधिकारी सुरक्षा पर नजर रखेंगे। बिना नबंरी वाहन, स्कार्फ बांधकर वाहन चलाने वाले, काले शीशे और तेज रफ्तार पर सख्त कार्रवाई होगी। तीन दिन तक मेला मार्ग पर थाना पुलिस और यातायात पुलिस लगातार गश्त पर रहेगी। इंटरसेप्टर बाइक और चौपाहिया वाहन भी तैनात रहेंगे। वहीं इस बार सेवा शिविरों के लिए वाहनों के पास जारी करने की प्रक्रिया में परिवर्तन किया गया है। अब पास सीधे यातायात थाना से न होकर संबंधित थानों की अनुमति के बाद ही जारी होंगे। मेले में पदयात्रियों की सेवा के लिए लगाए जाने वाले शिविरों को सामान लाने ले जाने के लिए यातायात पास अनिवार्य होगा। जिस थाना क्षेत्र में सेवा शिविर लगाया जाएगा, उसी थाने में आवेदन करना होगा। थाना जांच और अनुमति के बाद ही यातायात थाना पास जारी करेगा। बिना पास के किसी भी वाहन को पदयात्रियों के रूट पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
रूट डायवर्ड होगा, बीकानेर जाने आने वाले जरूर ध्यान देवें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 28 अगस्त से 30 अगस्त तक बाबा के मेले के दौरान बीकानेर में म्यूजियम सर्किल से गुसाईसर तक वाहनों का प्रवेश निषेध किया गया है। पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यातायात की अलग व्यवस्था की है। इस मार्ग पर दुपहिया, तिपहिया और चौपहिया वाहन म्यूजियम सर्किल से मेजर पूर्णसिंह सर्किल, पंचशती सर्किल, शिवबाड़ी मंदिर के सामने से जोड़बीड़ के पास नापासर फांटा चौराहा, नापासर गुसाईंसर मार्ग से जयपुर रोड की तरफ जा सकेंगे। इसी प्रकार जयपुर रोड से बीकानेर की तरफ आने वाले वाहन गुसाईंसर से नापासर, कैमल फार्म के सामने से बीकानेर शहर में प्रवेश कर सकेंगे। नौरंगदेसर कच्चे मार्ग पर सेवा वाले वाहन बीछवाल बाइपास होते हुए पेमासर फांटा होकर बंबलू, नौरंगदेसर जा सकेंगे। बीकानेर से जयुपर आने जाने के लिए भी इन्हीं मार्गों का उपयोग करने की हिदायत यातायात पुलिस ने दी है यातायात पुलिस के अनुसार मेले में पैदल श्रद्धालुओं के लिए लगाने वाले सभी सेवा समिति दल हाइवे पर जयुपर की और जाने वाली बांयी तरफ सड़क से 50 फीट दूरी पर अपने टेंट लगा सकेंगे। इससे पदयात्रियों को परेशानी नहीं होगी तथा यातायात भी जाम नहीं होगा। सड़क के दोनों तरफ स्टाल या टेंट नहीं लगाए जा सकेंगे। जिला प्रशासन ने पूनरासर मेले के दौरान डीजे सिस्टम लगे वाहनों पर पूर्णतया प्रतिबंध लगाया है।
आतिशबाजी के साथ रवाना होगा रामभरोसे संघ, तैयारी में जुटे श्रद्धालु।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बाबा के मतवाले भक्तों का राम भरोसे पूनरासर पैदल यात्री संघ प्रतिवर्ष की भांति धूमधाम से रवाना होगा। संघ 29 अगस्त को दोपहर सवा तीन बजे सिंधी कॉलोनी स्थित झूलेलाल मंदिर से रवाना होगा। यात्रियों पर पुष्पवर्षा की जाएगी व रंगबिरंगी आतिशबाजी के बीच संघ रवाना होगा। चंद्रप्रकाश खटनाणी ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राम भरोसे संघ के श्रद्धालु सदस्य उल्लास के साथ यात्रा की तैयारियों में जुटे है। हर्ष लालवानी ने बताया कि इस संघ में शामिल होने के लिए श्रद्धालु 9928472187 पर या 7976551990 पर संपर्क कर सकते है।
सुखी संघ अखंड ज्योत व भव्य झांकी के साथ होगा रवाना, श्रद्धालुओं में उत्साह।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ के बिग्गाबास स्थित हनुमानजी मंदिर से 29 अगस्त की दोपहर 3.15 बजे धूमधाम से श्रीपूनरासर पैदल यात्री संघ रवाना होगा। संघ सदस्यों में यात्रा का जबरदस्त उत्साह है। मंदिर में विशेष ज्योत आरती के बाद संघ बाबा की अखंड ज्योत व अलौकिक दरबार झांकी के साथ रवाना होगा। पुष्प वर्षा, रात्रि कीर्तन व बाबा के भव्य श्रृंगार का आयोजन भी होगा। संघ अध्यक्ष अमरचंद सिखवाल ने बताया कि संघ की 27वीं फैरी होगी और श्रद्धालु संघ सदस्य की यात्रा की भव्य तैयारियों में जुटे है। उपाध्यक्ष गुलाबचंद बासनीवाल ने बताया कि इस संघ में शामिल होने के लिए श्रद्धालु 9829964875 या 9413074286 पर संपर्क कर सकते है।
पहली सुपरफास्ट डाक ध्वजा जाएगी समंदसर से।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बड़ी संख्या में बाबा के भक्त खूब उत्साह से बाबा दर्शनार्थ पहुंचते है। इस बार गांव समंदसर से बालाजी मंदिर से 28 अगस्त की शाम को सवा पांच बजे पहली सुपरफास्ट डाक ध्वजा रवाना होगी। जिसमें गांव के युवा बिना रूके लगातार दौड़ते हुए पहुंचकर बाबा के दर्शन करेंगे। इस डाक ध्वजा में शामिल होने के लिए श्रद्धालु 8209291880 पर संपर्क कर सकते है।

 

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आज मंगलवार को बाबा के दर्शन करने पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालु।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए छाया की व्यवस्था के लिए टैंट लगाने प्रारंभ कर दिए गए है।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंदिर की सजावट का कार्य हुआ प्रारंभ, रोशनी से सजाया, फुलों से भी होगी सजावट।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पुजारी ट्रस्ट द्वारा मेले की विभिन्न तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।