






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अक्टूबर 2024। आजकल विवाह के लिए युवतियों की कमी की बात प्राय: सभी समाजों में सुनने को मिल रही है। वहीं आमजन जीवन में भी लोगों के आस पास विवाह के नाम पर धोखाधड़ी के अनेक मामले सामने आने लगे है। निकटवर्ती शहर नोखा में लाखों की ठगी व गहने चोरी की वारदात का मामला नोखा थाने में दर्ज हुआ है। नोखा के लखारा चौक निवासी लालचंद पींचा पुत्र मोहनलाल पींचा ने विवाह के नाम पर हुई लाखों की नगदी व गहनों की ठगी का मामला दर्ज करवाते हुए पांच जनो के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि अर्चना जैन पुत्री संतोष लहरचंद जैन निवासी सारद पिंगले, नासिक, हाल निवासी पूर्वी मुम्बई, लीलाधर सैन पुत्र छगनलाल नाई निवासी नोखा, पाली निवासी दिलीपकुमार गोलछा पुत्र कन्हैयालाल जैन, बाड़मेर निवासी कैलाश सिंघवी पुत्र माणकलाल सिंघवी, पूर्व मुम्बई निवासी केशरीमल रांका पुत्र लक्ष्मीचंद रांका के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने षड्यंत्र पूर्वक उसका फर्जी विवाह रचावाया। अर्चना ने उससे सात लाख रूपए नगदी, गहने व 50 हजार नगदी चोरी कर ले गई व गहने रूपए हड़प लिए। परिवादी ने पुलिस से रूपए नगदी बरामद करवाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया व मामले की जांच एएसआई पूर्णमल ने प्रारंभ कर दी है।




