





श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 मई 2026। दो बहनों के परिवारों के बीच भूमि विवाद ने फसाद का रूप ले लिया और दोनों पक्षों ने थाने पहुंच कर एक दूसरे के खिलाफ मामले दर्ज करवाए। सेरूणा थाने में परस्पर दर्ज हुए मामलों की एएसआई आवड़दान ने जांच शुरू कर दी है।
राजेडू निवासी 60 वर्षीय शांतिदेवी पत्नी दिवंगत रेवंतराम जाट ने इसी गांव के रहने वाली अपनी बहन सुगनादेवी व उसके पति ओमप्रकाश पुत्र सुरजाराम जाट, उसके बेटे सुशील के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ जबरन उसके घर में घुसकर गाली गलौच करने व मारपीट करने के आरोप लगाए। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 23 मई की शाम करीब 6 बजे आरोपी अवैध रूप से उसके घर में घुसे और उसके व उसके भांजे देवीलाल के साथ मारपीट की।
वहीं इसी मामले में सुशील पुत्र सुरजाराम जाट ने मानाराम पुत्र रामकरण जाट, उसकी पत्नी कमला, शांति पत्नी रेवंतराम, मानाराम के बेटे देवीलाल, रामेश्वर उर्फ राम व जयकिशन, बेटी पूनम चंदा, समला के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 23 मई की शाम करीब 6 बजे आरोपी जबरन उसके घर में घुसे और उसकी माँ व भाई के साथ मारपीट करते हुए गले में पहले 2 सोने के फुलड़े छीन कर ले गए है।







