






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 सितम्बर 2025। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव धीरदेसर चोटियान में 70 वर्षीय पूर्व सरपंच मेघराज चोटिया की हत्या के बाद शुक्रवार को दिन भर माहौल गर्माया रहा। मौके पर पुलिस टीम के साथ एफएसएल, डॉग स्क्वायड ने मौके पर से साक्ष्य जुटाए व शव श्रीडूंगरगढ़ उपजिला चिकित्सालय लेकर आये। यहां पर पोस्टमार्टम करवाया गया व शव परिजनों को दिया गया। लेकिन मृतक के परिजन एवं ग्रामीणों ने धरना देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही शव लेने की बात कही। करीब 3 घण्टे चले गतिरोध के बाद पुलिस ने आरोपियों को चिन्हित कर लेने की जानकारी दी एंव सीओ निकेत कुमार, थानाधिकारी जितेंद्र कुमार ने परिजनों से समझाइश की। इसके बाद शाम करीब 5 बजे परिजनों ने शव लिया व गांव ले गए। थानाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में परिजनों से परिवाद ली गई है एवं मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही की जाएगी। मामले में पुलिस पूरी गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।




