






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 दिसम्बर 2021। क्षेत्र के खेतों में अभी फसल कटाई व फसल निकालने का काम पूरा हो गया है और अब किसान खेजड़ी तथा पाला कटाई में जुटें नजर आ रहे हैं। सर्दी के बढ़ने के कारण किसानों ने खेजड़ी छंगाई तथा पाला काटने का काम तेजी से शुरू कर दिया है। किसान गौरीशंकर सारस्वत ने बताया कि किसान इतने दिन तक तो फसल निकालने में व्यस्त था और अब एकाएक ठंड बढ़ने से खेजड़ी तथा झाड़ियों से पतझड़ होने की आशंका के चलते किसान अपने पालतू पशुओं के लिए खेजड़ी तथा पाला कटाई में जुट गए हैं। किसान किशन जाखड़ ने बताया कि यह भी किसानों के लिए एक फसल जैसा काम ही है। उन्होंने बताया कि खेजड़ी का लूंग 1000 से लेकर 1200 रुपए प्रति क्विंटल तक बिकता है इसी प्रकार झाड़ियों की पत्तियां यानी ‘पाला’ 800 से 1100 रुपए प्रति क्विंटल तक बिक रहा है। सातलेरा गांव के बुजुर्ग किसान टीकूराम मेहरा ने बताया कि खेजड़ी छंगाई सहित पाला काटने का सही समय अभी है।





