






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 अक्टूबर 2025। क्षेत्र में डीएपी खाद की आपूर्ति नहीं होने से रबी की बुवाई अटक गई है। खेती बाड़ी प्रभावित होने से किसान परेशान हो रहें है। सहकारी समितियों के आगे लंबी लाइने लगी है और किसानों को डीएपी नहीं मिल पा रही है। किसान अलसुबह ही आकर कतारों में लग जाते है और डीएपी खाद नहीं मिलने पर मायूस गांव लौट जाते है। किसानों ने बताया कि रविवार को मंडी में जय किसान सहकारी समिति पर 600 बैग आए है। जो ऊंट के मुंह में जीरे की तरह है। किसानों ने नाराजगी जताई और रविवार को यहां धक्का मुक्की का माहौल बन गया। समिति सदस्यों ने वितरण एक बार रोका वहीं कुछ देर बाद वितरण पुन: प्रारंभ किया गया। वहीं खबर लिखे जाने तक 368 बैग शेष है व किसानों को वितरण किए जा रहे है। पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया ने डीएपी नहीं मिलने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए डीएपी की पूरी सप्लाई देने की मांग सरकार व प्रशासन से की है। महिया ने कहा कि खाद वितरण में सरकार की लापरवाही और व्यवस्थागत खामियों के कारण किसानों की बुआई प्रभावित हो रही है। खेत तैयार है और खाद के बिना बुवाई में देरी हो रही है। महिया ने कहा कि प्रशासन तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित करें अन्यथा अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। कृषि विभाग के सहायक निदेशक रघुवर दयाल सुथार ने बताया कि पांच से अधिक बैग किसी को नहीं देने, किसानों की संख्या अधिक होने पर एक किसान को दो या तीन बैग ही दिए जाने, पहले आओ पहले पाओ के आधार पर बैग दिए जाने और सभी का मोबाइल नबंर लेकर रिकॉर्ड मेंटेन करने के निर्देश दिए गए है। सुथार ने कहा कि जो बैग प्राप्त होंगे वे पूरी पारदर्शिता के साथ वितरित करवाए जाएंगे। किसान के अतिरिक्त किसी को बैग नहीं दिए जाने की हिदायत भी दी गई है। वितरण व्यवस्था सुचारू करवाने के लिए कृषि विभाग के कार्मिकों को भी मौके पर तैनात किए गए है। कार्मिकों ने बताया कि अत्यधिक भीड़ होने पर पुलिस की मदद भी ली जाएगी।




