






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 अक्टूबर 2025। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसान उपखंड कार्यालय पहुंचे और उपखंड अधिकारी को गिरदावरी फर्जीवाड़ा के दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाईकरने की मांग की है। किसानों ने प्रशासन की नाक के नीचे फर्जीवाड़ा होने के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। किसानों ने इस दौरान नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन भी किया। संगठन के जिलाध्यक्ष पूनमचंद नैण ने बताया कि मूंगफली बिक्री का बाजार मूल्य करीब पांच हजार रूपए है और समर्थन मूल्य पर खरीद की दर 7263 है। एक गिरदावरी पर किसान 40 क्विंटल मूंगफली ही तुलवा सकता है। इस बार बिचौलियों ने बड़े लाभ के लिए गिरदावरी में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा किया है। सरपंच प्रतिनिधि ज्ञानाराम ज्याणी ने बताया कि कई बिचौलियों के पास 100-100 गिरदावरी होने की सूचनाएं भी मिलने का दावा किसान कर रहें है। ऐसे में पात्र किसान मूंगफली खरीद करवाने से वंचित रह गए है और बिचौलियों ने टोकन ले लिए है। किसानों ने फर्जी गिरदावरी रद्द करने, संगठित गिरोह का पर्दाफाश करने व पारदर्शी ढंग से गिरदावरी करने की मांग की है। इस दौरान तोलाराम कड़वासरा, मदनलाल बाना, गोविंदराम बाना, शिवलाल बाना, लेखराम कूकना, रामकिशन गावड़िया, भूरनाथ सिद्ध, सोहनलाल गोदारा, शिवनारायण सारण, मदनलाल कुलरिया सहित अनेक किसान शामिल रहें।




