






दुसारणा गौशाला का गोपाष्टी को होगा लोकार्पण, किया पोस्टर का विमोचन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दुसारणा की श्रीकृष्णा गौसेवा समिति का गोपाष्टमी के पर्व पर 30 अक्टूबर 2025 को लोकार्पण समारोह पूर्वक किया जाएगा। गोपाष्टमी को सुबह 11.30 बजे लोकार्पण होगा, 12.15 बजे गौपूजन व के साथ गौमाताओं का गौशाला में प्रवेश होगा तथा दोपहर 1 बजे से समारोह में शामिल होने वाले संतो के प्रवचन व सत्संग प्रारंभ होगा। समारोह में बीकानेर से दाताश्री रामेश्वरानंद जी महाराज, कोलायत से सत्यानंद जी महाराज, ब्रह्म गायत्री सेवाश्रम सागर से आशीषजी महाराज व नापासर से पंडित प्रकाश तिवाड़ी शामिल होंगे। समिति सदस्यों द्वारा आयोजन के प्रचार प्रसार हेतु सोमवार को पोस्टर का विमोचन किया गया।इस दौरान गौशाला अध्यक्ष मोहनराम गोदारा, भामाशाह पेमाराम गोदारा, समिति के रामप्रताप सारण, मैनेजमेंट टीम के सदस्य रामप्रताप गोदारा, सांवरदास, भागीदास, कालूराम सुथार, रूघाराम मूंड दुसारणा पीपासरिया सहित अनेक ग्रामीण शामिल हुए। समिति सदस्यों ने गौभक्तों व श्रद्धालुओं से समारोह में शामिल होने का आह्वान किया है।

दुलचासर में आयोजित कथा में करूणा गिरीजी महाराज ने सुनाए कथा के विभिन्न प्रसंग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव दुलचासर के महेश्वरी भवन में आयोजित भागवत कथा के तीसरे दिन रविवार को कथा वाचिका साध्वी करूणागिरी जी महाराज ने मनु शतरूपा का प्रसंग विस्तार से सुनाया। उन्होंने कपिल मुनि द्वारा अपनी माता देवहुती को सांख्य दर्शन की कथा सुनाने व सांख्य दर्शन का वर्णन किया। साध्वी ने भगवान नरसिंह अवतार, वामन अवतार की कथाएं सुनाते हुए भक्त ध्रुव चरित्र का व्याख्यान किया। कथा श्रवण का आनंद लेते हुए श्रद्धालुओं ने कीर्तन पर नृत्य करते हुए जयकारे लगाए। कथा आयोजन नानकराम मूंधड़ा परिवार द्वारा करवाया जा रहा है। कथा में गोपालसर, देराजसर, टेऊ, सूडसर व कोटासर सहित आसपास के गांव से श्रद्धालु बसों द्वारा पहुंच कर शामिल हो रहें है।




