






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 नवंबर 2025। रेलवे स्टेशन पर चाय पीने आया एक युवक लौटते समय ट्रेन की चपेट में आ गया और दौराने ईलाज पीबीएम में उसकी मौत हो गई।
सूडसर रेलवे स्टेशन पर गुरूवार शाम सात बजे बीकानेर हिसार डेमू ट्रेन के आने के दौरान सूडसर निवासी 40 वर्षीय टोडरमल पुत्र पुरखाराम नायक पटरियां पार करते हुए ट्रेन की चपेट में आ गया। युवक को घायलावस्था में पीबीएम अस्पताल ले जाया गया जहां बीती रात दौराने ईलाज उसकी मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक स्टेशन पर चाय पीने आया था। चाय पी कर वह लौटते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया। सांवतसर के एक यात्री ने सूडसर स्टेशन पर नापासर की ओर बने रेलवे फाटक के गेट मैन को सूचना दी। गेट मैन ने स्टेशन मास्टर को बताया व एंबुलेंस बुलाकर घायल युवक को पीबीएम ले जाया गया। जहां देर रात युवक ने दम तोड़ दिया। युवक चार मासूम बच्चों का पिता था। घटना से परिजन व्यथित हो गए और परिवार में मातम छा गया है। रेलवे पुलिस को सूचना दे दी गई है और हैड कांस्टेबल हजारा पठान द्वारा आगामी कार्रवाई की जा रही है।



