May 21, 2026
0000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 दिसंबर 2025। डीजे की आवाज कम करने की बात पर बात इतनी बिगड़ गई कि मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में एक ताऊ भतीजा, दो जने घायल हुए जिन्हें उपजिला अस्प्ताल से बीकानेर रेफर किया गया।

घटना बुधवार शाम को श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बिग्गाबास रामसरा में हुई। पुलिस ने भी घटना के मद्देनजर गश्त बढ़ा दी। गांव के 60 वर्षीय देवीलाल पुत्र दुर्गाराम ब्राह्मण ने थाने पहुंच कर मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने इसी गांव के जितेंद्र पुत्र जीवराज नायक, मांगीलाल व गोपीचंद पुत्र बीरबलराम, सावित्री देवी पत्नी बीरबलराम नायक के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि बुधवार शाम करीब 5.45 पर वह अपने घर पर था। तभी पत्नी ने मेरे बड़े भाई बजरंगलाल के घर के आगे लड़ाई होने की बात कही। जब परिवादी दौड़ कर मौके पर पहुंचा तो उसने देखा कि एक लड़का व एक लड़की की बनौरी डीजे के साथ निकल रही थी। उसी दौरान आरोपी उसके भाई बजरंगलाल के साथ मारपीट कर रहें थे और बीच बचाव करने आए परिवादी के बेटे अशोक के साथ मारपीट करने लगे। जितेंद्र नायक ने जान से मारने की नियत से अशोक के सिर पर लोहे की राड से वार किया जिससे वह घायल हो गया। शोर सुनकर परिवादी व गौरीशंकर जाट ने बीच बचाव कर दोनों घायलों को आरोपियों से छुड़वाया। परिवादी के भाई बजरंगलाल ने बताया कि डीजे की आवाज कम करने की बात कही तो अरोपी भड़क गए और जानलेवा हमला कर दिया। दोनों घायलों को उपजिला अस्प्ताल लाया गया जहां से बीकानेर पीबीएम रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया व एसआई राजेंद्र कुमार जांच कर रहें है।