May 21, 2026
0000000000000_

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 नवंबर 2025। चार साल से पाई-पाई जोड़कर गृहस्थी का सामान जुटाने वाले एक गरीब किसान की ढाणी में मंगलवार दोपहर अचानक आग लग गई। लपटों में गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाख हो गया और परिवार बुरी तरह से मायूस हुआ है। परिवार के सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। क्षेत्र के गांव रीड़ी की रोही में किसान सहीराम पुत्र मोहनराम मेघवाल अपने परिवार सहित चार साल से ढाणी में ही रहता था। उसकी ढाणी में दो झोंपडे बने हुए थे। पत्नी व बच्चे पड़ौस के खेत में मूंगफली निकलवाने में मदद कर रहे था। सहीराम स्वयं अपने खेत में था। मौके पर मौजूद सीताराम बरोड़ ने बताया कि ढाणी में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई और गृहस्थी का सारा सामान, नगदी, राशन, कपड़े सब कुछ जलकर खाख हो गया। आग की लपटें देखकर पास के खेत से किसान दौड़ कर आए और ट्यूबवेल चलाकर पानी से आग बुझाने का प्रयास किया। आग शांत हुई तब तक सहीराम की गृहस्थी उजड़ गई थी। परिवार सदमे में है व दंपती के कुछ ठीक होने पर ही नुकसान का सही आंकलन किया जा सकेगा। भीम सेना के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र नोसरिया भी मौके पर पहुंचे और तहसीलदार पटवारी को सूचना देकर जरूरतमंद परिवार की मदद करने की मांग की है।