






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 दिसंबर 2024। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में पूरा प्रदेश घनी ठंड की चपेट में है और श्रीडूंगरगढ़ अंचल में बुधवार को घना कोहरा छाया है। सुबह 10.30 बजे भी शहर की मुख्य सड़कें सूनसान पड़ी है। जैसे ठंड ने लॉक डाउन लगा दिया है। इक्का दुक्का लोगों की आवाजाही नजर आ रही है। कहीं चाय की दुकानों के पास अलाव जल रहें है जो लोग बाहर है ताप से ठंड का बचाव कर रहें है। सड़कों पर विजिबिलिटी घटने से वाहनों की गति मंद हो गई है। मंगलवार को कोहरे से राहत थी परंतु दिनभर ठंडी शीतलहर का असर खूब रहा। लोग मंगलवार को भी दिनभर घरों में दुबके रहें। मंगलवार को धूप बेअसर रही और आज कोहरे का असर छाया है। बुधवार से स्कूलों की छुट्टियां प्रारंभ हो गई है। बच्चों और बुजुर्गों को घर में ही रहने की सलाह दी जा रही है। वहीं किसान कोहरे से प्रसन्न है और इससे रबी की फसलों को लाभ मिलने की उम्मीदें बन गई है। मौसम विभाग के अनुसार कल से एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे 28 दिसंबर तक प्रदेश के 25 जिलों में बारिश का अनुमान है। इस सिस्टम के गुजरने के बाद सर्द हवाओं का प्रकोप रहेगा। वहीं दूसरी ओर हिमाचल, उत्तराखंड व जम्मू कश्मीर में भारी बर्फबारी हुई है। जिससे मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा छा गया है।















