May 21, 2026
000100

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 नवंबर 2024। राजस्थान के स्टेट हाईवे पर टोल बूथों पर जबरदस्ती हो रही कैश वसूली अब बंद हो जाएगी। सरकार अगले साल की पहली तिमाही तक सभी स्टेट हाईवे पर टोल कलेक्शन फास्टैग के जरिए शुरू हो जाएगा। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने पीडब्ल्यूडी के प्रमुख शासन सचिव को निर्देश दिए हैं कि जिन भी टोल बूथ पर फास्टैग सिस्टम नहीं लगा है। उन पर जल्द से जल्द इस सिस्टम को इंस्टॉल करवाया जाए। इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री ने जिन बूथों पर सिस्टम लगा होने के बाद भी कैश वसूली की जा रही है। वहां सिस्टम को ठीक करवाने के लिए कहा है। वर्तमान में राजस्थान में 74 से ज्यादा स्टेट हाईवे पर 186 टोल बूथ हैं। इनमें से 172 टोल बूथ पर फास्टैग सिस्टम लगाया चुका है। अगले महीने तक 8 बूथों पर और फास्टैग इंस्टॉल कर दिया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने अगले साल की पहली तिमाही तक प्रदेश के सभी स्टेट हाईवे पर बने टोल बूथों पर फास्टैग सिस्टम लगाने के निर्देश दिए हैं। विदित रहें श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सरदारशहर रोड पर ठुकरियासर के पास दो टोल बूथ बनाए गए है जिनपर टोल वसूली को लेकर अक्सर विवाद की स्थिति सामने आती रहती है। ऐसे में फास्टैग लगने से इससे भी निजात मिल सकेगी।
एक साल में 131 बूथों पर इंस्टॉल
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पीडब्ल्यूडी के प्रमुख शासन सचिव प्रवीण गुप्ता ने बताया- पिछले एक साल से भी कम समय में हमने 131 टोल बूथों पर फास्टैग इंस्टॉलेशन का काम पूरा कर लिया है। इसमें से अधिकांश पर ऑनलाइन टोल कलेक्शन की सुविधा शुरू कर दी है। जिन टोल बूथों पर सिस्टम लगने के बाद भी कैश कलेक्शन हो रहा है। ऐसे बूथों पर हम जल्द ही ऑनलाइन कलेक्शन शुरू करवाएंगे।