May 20, 2026
0000000101010100

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 मार्च 2023। कल मंगलवार है और आप सालासर जाने का कार्यक्रम बना रहें है तो ये खबर जरूर पढ़ें। पड़ौसी उपखंड सुजानगढ़ में बाजार बंद है और नागरिक सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन कर रहें है। सुजानगढ़ को जिला नहीं बनाने से नाराज नागरिक, अनेक राजनीतिक दल, सामाजिक संगठनों ने चक्का जाम कर दिया है। गत 36 घंटो से सुजानगढ़ थम गया है। चूरू जिले के सुजानगढ़ कस्बे में 36 घंटे से धरना-प्रदर्शन चल रहा है। शनिवार दोपहर 2 बजे लोगों ने जनहित संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर शहर से गुजर रहे नेशनल हाईवे 58 (फतेहपुर, सीकर से पालमपुर जाने वाला नेशनल हाईवे) पर टेन्ट गाड़कर जाम लगा दिया। शनिवार से हाईवे अब तक जाम है। जनहित संघर्ष मोर्चा कई साल से सुजानगढ़ को जिला बनाने की मांग कर रहा है। मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि 17 मार्च को जब सीएम अशोक गहलोत ने 19 नए जिलों की घोषणा की तो उसमें सुजानगढ़ का नाम नहीं था। कई साल से सुजानगढ़ के लोग जिस दिन का इंतजार कर रहे थे वो दिन तो आया, लेकिन उनके हाथ कुछ नहीं लगा। ऐसे में पूरे विधानसभा क्षेत्र में रोष फैल गया। शनिवार सुबह से ही सुजानगढ़ के लोग, राजनीतिक दल और सामाजिक संस्थाओं के लोग सड़कों पर आ गए। सुजानगढ़ को जिला न बनाए जाने के खिलाफ दो दिन से शहर के बाजार बंद हैं। विरोध प्रदर्शन में शहरवासी शामिल हैं।
विधायक के इस्तीफे की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। रविवार रात 8 बजे को नेशनल हाईवे-58 पर हजारों लोग इकट्ठा हो गए। इनमें 100 से ज्यादा महिलाएं हैं। लोग सुजानगढ़ विधायक से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। वहीं प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अगर जल्द जिला बनाने की घोषणा नहीं होती है तो आंदोलन और तेज होगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार होगी।रविवार को दिनभर पूरा सुजानगढ़ बंद रहा। प्रदर्शनकारियों ने अनिश्चितकाल तक बाजार बंद रखने की अपील की है। जनहित संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर सैकड़ों लोग ने गांधी चौक पहुंचकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। जगह-जगह युवाओं की टोलियां शहर के चौराहों पर सरकार के खिलाफ नारे लगाते नजर आ रही हैं। लोग सुजानगढ़ विधायक से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

हाईवे पर 10 किलोमीटर लंबा जाम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शनिवार दोपहर 2 बजे से हाईवे-58 पर दोनों तरफ करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लगा। रविवार को भी जाम लगा रहा। इसके अलावा सालासर और सुजानगढ़ जाने वाले रास्ते बंद कर दिए। चक्का जाम से सालासर बालाजी आने वाले हजारों यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।

वहीं, चूरू, सीकर से नोखा, नागौर, बीकानेर की तरफ जाने वाले रास्ते बन्द होने से भी लोगों को परेशानी हो रही है। जनहित संघर्ष मोर्चा के रामनारायण रुलानिया ने बताया कि जिले की घोषणा से कम कुछ मंजूर नहीं है। वहीं प्रदर्शनकारियों ने हनुमानगढ़-किशनगढ़ मेगा हाईवे को भी जाम कर दिया है।

एसडीएम के समझाने पर भी नहीं माने प्रदर्शनकारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पिछले 24 घंटे से एसडीएम मूलचन्द लूणिया बोबासर और डीएसपी रामप्रताप विश्नोई के साथ प्रदर्शनकारियों से समझाइश करने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन लोगों ने कहा कि जिले की घोषणा से नीचे कुछ भी मंजूर नहीं है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि चाहे कितने दिन भी बैठना पड़े, हम जिला घोषित करवा कर ही यहां से उठेंगे। एसडीएम समेत पुलिस प्रशासन ने आंदोलनकारियों को कई बार बैठक कर मामला सुलझाने की हैं। उच्चाधिकारियों को लगातार अपडेट दिया जा रहा है।