August 30, 2026
000000000000000000000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 दिसंबर 2024। आधुनिक परिवेश में समानता का नारा सकारात्मक ढंग से बुलंद हो तो बेटियां भी बेटों से बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। ये साबित किया बादनूं की बालिका क्रिकेट टीम ने,ये टीम मंगलवार को निकटवर्ती गांव बिग्गाबास रामसरा में शहीद कैप्टन चंद्र चौधरी क्रिकेट प्रतियोगिता 2024-25 में क्रिकेट प्रतियोगिता में भी शामिल होगी। विधानसभा क्षेत्र के गांव बादनूं की महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय की बालिका किक्रेट टीम लड़कों की टीम के सामने मंगलवार को मैच खेलने मैदान पर उतरेगी। बालिका टीम के कोच राकेश गोदारा व सांवरमल डेलू ने बताया कि ये बालिका टीम 3 बार जिला स्तरीय विजेता, 2 बार राज्य स्तरीय विजेता रहने के साथ महिला क्रिकेट प्रतियोगिता बोरावड़ में उपविजेता, जेपीएल 2024-25 बीकानेर में उपविजेता, राजस्थान रॉयल्स महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में स्टेट विजेता रह चुकी है। बता देवें इन खिलाड़ियों से गत दिनों जयपुर में क्रिकेटर राहुल द्रविड़ भी मिले व क्रिकेट संबंधी चर्चा करते हुए इनका हौसला बढ़ाया था। आयोजकों ने बताया कि ये टीम सामान्य टीम की तरह ही प्रतियोगिता में भाग लेगी तथा विजेता होने पर आगे के मैच भी खेलते हुए ट्रॉफी की दावेदार होंगी। मंगलवार सुबह 11 बजे शहीद कैप्टन चंद्र चौधरी क्रिकेट ग्राउंड में मैच खेला जाएगा। इस मैच को लेकर खेल प्रेमियों में जबरदस्त रोमांच का माहौल है। बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों के मैच देखने पहुंचने की संभावना भी है।