






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 अप्रैल 2022। सीएम की जनसुनवाई में आज पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने श्रीडूंगरगढ़ बीदासर मार्ग की रेलवे फाटक को 40 गांवो की जनता के लिए विकराल समस्या बताते हुए ओवर ब्रिज बनवाने की मांग की और इस पर सीएम ने गोदारा को इस समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया। श्रीडूंगरगढ़ दुसारना मार्ग एवं बिग्गा बीदासर मार्ग पर अंडर ब्रिज स्वीकृत करने की मांग भी की। गोदारा ने श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में किसान पुत्रों में होने वाले खेत के बंटवारों के बाद एक खेत में 100 केवी के एक ट्रांसफॉर्मर के स्थान पर 63-63 केवी के दो अलग अलग ट्रांसफॉर्मर दिलवाने की मांग उठाई। गोदारा ने विधानसभा क्षेत्र के गांव मेहरामसर में राजकीय उप स्वास्थ्य केंद्र स्वीकृत करने, जेतासर, मंसूरी, जयसिंहदेसर कलियां, उतमामदेसर, लालासर, मेहरामसर के विद्यालयों को क्रमोन्नत करने, कई गांवो में ट्यूबवेल स्वीकृत करने, नए जीएसएस स्वीकृत करने की मांग की जिस पर सीएम ने आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। गोदारा सहित क्षेत्र से पहुंचे कांग्रेसी नेताओं ने श्रीडूंगरगढ़ में करवाए गए विकास कार्यों के लिए गहलोत का आभार जताया।
चौरड़िया ने उठाई शहर की समस्याएं।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तुलसीराम चौरड़िया ने मुख्यमंत्री से राजकीय अस्पताल में विभिन्न जांच मशीनें उपलब्ध करवाने की मांग की है। जर्जर बस स्टैंड के स्थान पर महावीर कीर्ति स्तम्भ के पास वन विभाग की भूमि पर बस स्टैंड बनवाने, गांव मोमासर को उपतहसील बनाने की मांग की। चौरड़िया ने श्रीडूंगरगढ़ में पेयजल किल्लत को देखते हुए क्षेत्र को नहरी पानी से जोड़ने की मांग भी उठाई।



