






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 अक्टूबर 2025। स्कूली शिक्षा खेलकूद प्रतियोगिता के तहत चिड़ावा, झुझुनूं में आयोजित राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में गांव मोमासर के गोपी पुत्र बजरंगलाल बांगड़वा ने गोल्ड मेडल हासिल किया है। गोपी ने 19 वर्षीय फ्री स्टाइल के 74 किलो भार वर्ग में स्वर्णपदक जीता है। राज्य स्तरीय विजेता बनने के साथ ही गोपी ने नेशनल में स्थान सुनिश्चित कर लिया है। शनिवार सुबह गोपी गांव मोमासर पहुंचे तो ग्रामीणों ने उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया। युवा जुलूस के रूप में भोमिया जी मंदिर पहुंचे और मंदिर के निकट स्वागत समारोह हुआ। जिसमें शामिल रहें एसएफआई नेता बीरबल पूनियां ने बताया कि सभी ने गोपी को बधाई देते हुए मालाएं पहनाई व साफा पहनाकर मुंह मीठा करवाया। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच जेठाराम भाम्मू, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुभाष कमलिया, सत्तासर सरपंच सुनील मलिक ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए दम खम लगा कर तैयारी करने की बात कही। इस दौरान विजयपाल भामूं, हरी बैरा, राकेश बेनीवाल, गोपाल सारण, धनराज भामू, बजरंग बांगड़वा, रामुराम बांगड़वा, चतराराम सियाग, भैराराम धतरवाल सहित अनेक ग्रामीण व युवा मौजूद रहें।




