






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 मई 2023। बजट में हमारे क्षेत्र को मिली एक बड़ी सौगात मोमासर में राजकीय महाविद्यालय इसी सत्र में प्रारंभ होगा तथा सभी जरूरी प्रक्रिया कॉलेज शिक्षा विभाग द्वारा पूर्ण की जा रही है। इससे मोमासर सहित आड़सर, लिखमादेसर, सत्तासर, लालासर, कुंतासर, लाछड़सर, बाढ़ा की ढाणी, भानुदा, धीरदेसर चोटियान, हामुसर, भादासर, रुपालिसर, पातलीसर के सैंकड़ो विद्यार्थियों को इससे बड़ा लाभ मिल सकेगा। गांव में भी इससे उत्साह का माहौल है व युवा इसे गांव के विकास में मील का पत्थर मान रहें है।
महाविद्यालय में ये होंगे विषय..
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजकीय महाविद्यालय मोमासर में हिन्दी साहित्य, अंग्रेजी साहित्य, इतिहास, राजनीति विज्ञान, भूगोल, लोकप्रशासन व समाजशास्त्र विषय खोले जाने की स्वीकृति मिली है।
इस भवन में खुलेगा महाविद्यालय, 15 बीघा भूमि चिह्नित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ के प्राचार्य डॉ आभा ओझा ने बताया कि महाविद्यालय संचालन के लिए अस्थाई भवन चिन्हित कर लिया गया है व इसी सत्र 2023-2024 में कक्षाएं प्रारंभ हो जाएगी। गांव के राजकीय प्राथमिक स्कूल का जीर्णोंद्धार का कार्य जोर शोर से किया जा रहा है। शीघ्र ही इस भवन का कार्य पूरा होने पर महाविद्यालय नियमित प्रारंभ हो जाएगा। वहीं गांव की रोही में 15 बीघा बारानी बंजर भूमि का महाविद्यालय के लिए नि:शुल्क आवंटन का प्रस्ताव जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंच गया है।
शिक्षक भर्ती हेतु मांगे आवेदन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। डॉ ओझा ने बताया कि राज्य सरकार की अनुशंषा एवं आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा, राजस्थान के आदेशानुसार इस महाविद्यालय के सफल संचालन हेतु सेवा निवृत शैक्षणिक व अशैक्षणिक कार्मिकों से समेकित पारिश्रमिक के आधार पर आवेदन आमंत्रित किए जाने के निर्देश दिए गए है। आवेदन 25 मई तक नोडल राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में प्रस्तुत किए जा सकते है। साथ ही संचालित राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ के राजनीति विज्ञान, भूगोल और अंग्रेजी साहित्स विषय के लिए भी सेवानिवृत शैक्षणिक कार्मिक समेकित पारिश्रमिक पर आवेदन प्रस्तुत कर सकते है।



