May 21, 2026
26jan

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 मई 2022। क्षेत्र में एक किसान की ढाणी में आग लगने से लाखों का बीज व अनाज जलकर खाख हो गया और बिजली विभाग द्वारा फोन नहीं उठाने व आग पर काबू पाने के लिए बिजली नहीं देने पर ग्रामीणों में आक्रोश की लहर छा गई है। गांव भोजास की रोही में गणेशाराम गोदारा की ढाणी में अज्ञात कारणों से आग लग गई और घरेलू सामान सहित निकाली गई उपज भी आग की भेंट चढ़ गई। हताश गणेशाराम ने बताया कि बुधवार को ही 96 हजार रूपए का मूंगफली बीज लेकर आया उसके साथ 30 क्विंटल गेंहू, 15 क्विटंल जौ, 5 क्विंटल ग्वार, 3 क्विटंल चना, तथा मूंगफली बिजाई के लिए लाई गई 10 कट्टे डीएपी, युरिया, खल इत्यादि सामान आग की भेंट चढ़ गया है। घटना दोपहर करीब 3.30 बजे हुई और आस पास की ढाणी के किसान तुरंत मौके पर पहुंच गए। सभी ने पास ही बने कुंड से पानी निकाल कर आग पर काबू पाया परंतु तब तक देर हो गई और सभी सामान आग की चपेट में आ गया था। सरपंच प्रतिनिधि बीरबलराम गोदारा भी मौके पर पहुंच गए। गोदारा सहित राजन मूंड, नारायणराम गोदारा, रामप्रताप पोटलिया, तुलछाराम गोदारा, हड़मानाराम जाखड़, भागुराम ने एक स्वर में बिजली विभाग को बेपरवाह व संवेदनहीन विभाग बताते हुए आक्रोश प्रकट किया है। इन ग्रामीणों ने कहा कि बार बार विभाग को बिजली देने के लिए फोन लगाते रहें परंतु आधे घंटे तक किसी कर्मचारी ने फोन नहीं उठाया। गोदारा ने कहा कि आधे घंटे बाद जब फोन उठाया तो मात्र पांच मिनिट बिजली दी गई जिससे कुआं चलाते ही लाइट फिर चली गई। ग्रामीणों ने कहा कि अगर विभाग सुनवाई कर लेता तो किसान का लाखों का नुकसान नहीं होता और समय रहते आग पर काबू पा लिया जाता। सरपंच प्रतिनिधि सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से किसान की मदद करने की मांग की है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ढाणी में लगी आग से घेरलू सामान जलकर हुआ राख।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। घरेलू सामान पूरी तरह से नष्ट हो गया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मूंगफली का बीज हुआ बरबाद।