






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 दिसंबर 2025। सेरूणा के तेजा गार्डन में श्रीडूंगरगढ़ के राधाकृष्ण करनाणी परिवार द्वारा भव्य भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार सुबह गांव के ठाकुरजी मंदिर से नाचते गाते श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा निकाली। गाजे बाजे के साथ कलश यात्रा कथा स्थल पर पहुंच कर पूर्ण हुई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने भी भाग लिया। कथा का वाचन प्रसिद्ध कथावाचक वृंदावन के गौरव कृष्ण गोस्वामीजी करेंगे। कथावाचक के दर्शन करने बीकानेर से भी अनेक श्रद्धालु पहुंचे। वहीं अनेक ग्रामीणों ने गांव में विशाल धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन होने को लेकर प्रसन्नता जताई। मलमास में कथा श्रवण का विशेष लाभ बताते हुए बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा में शामिल हो रहें है। विदित रहें भक्ति व ज्ञान के इस भागवत कथा अनुष्ठान में शामिल होने के लिए करनाणी परिवार द्वारा श्रद्धालुओं के लिए श्रीडूंगरगढ़ से दो बसों का संचालन किया जा रहा है। पहली बस दोपहर 1 बजे आड़सर बास के श्रीराम मंदिर से रवाना होकर सवा एक बजे बिग्गाबास में गणेश मंदिर पहुंचेगी। यहां से सिंधी कॉलोनी से सवारियों लेते हुए कथा स्थल सेरूणा पहुंचेगी। वहीं दूसरी बस कालूबास में पाराशर मंदिर से दोपहर एक बजे रवाना होकर मोमासर बास के होली धोरा मैदान पर पहुंचेगी व यहां से सवारियां लेकर कथा स्थल पर पहुंचेगी। कथा का वाचन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। परिवार के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि बसों की सवारियां पूरी हो जाने पर छोटी गाड़ियों की व्यवस्था भी की जा रही है।







