






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 फरवरी 2024। गांव लिखमादेसर में हंसोजी धाम में आयोजित विशाल धार्मिक आयोजन में आज “लैंड फॉर लाइफ अवॉर्ड” से सम्मानित प्रोफ़ेसर श्यामसुंदर ज्याणी पहुंचे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश हजारों लोगों तक पहुंचाया। ज्याणी ने यहां 5100 फलदार पौधों का वितरण किया व पौधे लेने वालों को हरित राम दूत बनने का संकल्प दिलवाते हुए राम रूँख लगाने की बात कही। बता देवें लिखमादेसर में जसनाथी सम्प्रदाय का सम्त दिवसीय आयोजन चल रहा है। इसी में आज नित्य कथा, नित्य हवन व पूजन के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान श्रद्धालुओं से ज्याणी ने किया। उन्होनें कहा कि जसनाथजी महाराज की पर्यावरणीय शिक्षाओं को आगे बढ़ाने के मक़सद से इस वर्ष पारिवारिक वानिकी राम रूँख अभियान की शुरुआत की जा रही है जिसे घर-घर वृक्षारोपण मुहिम चलाकर दुनिया का सबसे बड़ा अभियान बनाना है। इस हेतु आमजन को राम दूत के रूप में मुहिम से जोड़ा जा रहा है। हरित राम दूत के लिए पंजीकरण आगामी 24 फ़रवरी को माघ पूर्णिमा के दिन प्रारंभ होगा। हंसोजी धाम के महंत भंवरनाथ ज्याणी व परमहंस संत सोमनाथजी महाराज ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के विभिन्न ज़िलों से पहुँचे हज़ारों श्रद्धालुओं ने आज हँसोजी महाराज की तपोभूमि व समाधि को साक्षी मानकर हरित राम दूत शपथ कार्यक्रम की शुरुआत की। दंडी स्वामी ने बताया कि राम रूँख अभियान एक अनूठी मुहिम है और इसके तहत हरित राम दूत की शपथ लेने वाले जसनाथी अनुयायी हरित हनुमान के रूप में लाखों परिवारों को इस मुहिम से जोड़ेंगे। देव जसनाथ संस्थागत वन मंडल अध्यक्ष बहादुरमल सिद्ध ने बताया की 2600 बीलपत्र व जामुन, अमरूद, नींबू के कुल 5200 फलदार पौधों का रूँख प्रसाद के रूप में वितरण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रोफ़ेसर श्यामसुंदर ज्याणी व कविता ज्याणी ने सोमनाथ जी महाराज से आशीर्वाद लेकर जाल का पौधा लगाकर कर की। ओमनाथ ज्याणी व सरपंच प्रतिनिधि राधेश्याम ने बताया कि इस हरित मुहिम में हंसोज़ी आदर्श विद्या मंदिर के संचालक सहीराम व विद्यार्थियों, राजकीय विद्यालय के शिक्षक रामरतन गोदारा व विद्यार्थियों, मदननाथ ज्याणी, नेमनाथ मूँड, बीरबलनाथ जाखड़, बजरंग भाम्भू, भागीरथ ज्याणी, जगदीश नाथ, हुक्माराम झोरड़, देवेंद्र जाखड़, हंसराज मोटसरा, शिवरतन महिया, श्याम साँई व अन्य ग्रामीण युवाओं और जसनाथी अनुयायियों ने रूँख प्रसाद के व्यवस्थित वितरण में सहयोग किया।







