May 20, 2026
10-octtt

चौधरी ने धर्मास में स्कूल व पंचायत का किया निरीक्षण, दिए निर्देश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी ने बुधवार को गांव धर्मास के राउमावि का निरीक्षण किया। यहां स्टाफ उपस्थिति, मिड डे मील, आईसीटी लैब का निरीक्षण किया व कार्य समय पर पूरे करने के लिए निर्देश दिए। चौधरी ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंचे व निरीक्षण में पंचायत का रिकॉर्ड रजिस्टर अपडेट नहीं पाए गए। इस पर चौधरी ने नाराजगी जताते हुए कार्मिकों को पंचायत रिकॉर्ड अपडेट कर उपखंड कार्यालय तलब किया। यहां पंचायत में साफ सफाई की व्यवस्था को दुरूस्त करवाने के निर्देश भी दिए।
बरजांगसर में ड्रोन से किया छिड़काव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिले में कृषि विभाग द्वारा किसानों को नैनो यूरिया के ड्रोन से किए जाने वाले छिड़काव का डेमो गांव गांव जाकर किसानों को दिया जा रहा है। गांव बरजांगसर में बुधवार को कृषि पर्यवेक्षक राजकुमार बेनीवाल व अमित गोदारा की देखरेख में ड्रोन से छिड़काव किया गया। यहां सरपंच रामनारायणनाथ, किसान हंसराजनाथ, राजूराम सिहाग, ओमनाथ, किसान मित्र केशवदास सहित आस पास के किसान उपस्थित रहें। व्यवस्थापक राजेश सिहाग ने नैनो यूरिया के लाभ बताए व सभी का आभार जताया।
देहात जिला कांग्रेस की बैठक 17 फरवरी को, शामिल होंगे पदाधिकारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बीकानेर जिला कांग्रेस कमेटी देहात के सभी पदाधिकारियों और ब्लॉक अध्यक्षों की 17 फरवरी को दोपहर 12.15 बजे जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग की अध्यक्षता में बैठक बुलाई गई है। जिला संगठन महासचिव प्रहलाद सिंह ने बताया कि बैठक में बीकानेर लोकसभा चुनाव-2024 के विषय में विचार विमर्श किया जाएगा। वहीं भारत न्याय यात्रा को लेकर आगामी 24 फरवरी को आयोजित होने वाले जिला कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों की चर्चा की जाएगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी परिपत्रों की गाइडलाइन के विषय में भी निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यालय छोड़ने से पहले कार्मिकों को लेनी होगी अनुमति।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए प्रथम प्रशिक्षण जल्द ही दिए जाने के मद्देनजर सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने अधीन कार्यरत किसी भी कार्मिक को जिला निर्वाचन अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं देंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिभा देवठिया ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मतदान अधिकारियों के प्रशिक्षण एवं ड्यूटी आदेशों की पालना के लिए प्रत्येक ‌संबंधित कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा तथा यहां नियुक्त किए गए कार्मिकों की सूचना संबंधित तहसील कार्यालय को भिजवाई जाएगी। कंट्रोल रूम राजकीय अवकाश के दौरान भी कार्यरत रहेगा।
अनियमितताएं पाए जाने पर 9 मेडिकल स्टोर्स के अनुज्ञापत्र निलंबित, एक लाइसेंस निरस्त।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बुधवार को जांच के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर 9 मेडिकल स्टोर्स के अनुज्ञापत्र निलम्बित कर दिए गए वहीं एक का अनुज्ञापत्र निरस्त किया गया है। सहायक औषधि नियंत्रक देवेंद्र कुमार केदावत ने बताया कि नापासर स्थित दहिया मेडिकल एंड जनरल स्टोर, उदासर श्रीडूंगरगढ़ स्थित श्रीवीर बिग्गाजी मेडिकल स्टोर, आडसर पुरोहितान स्थित श्रीबालाजी मेडिकल एंड जनरल स्टोर, नोखा स्थित संगम मेडिकोज, नोखा स्थित सुहाग ऑप्टिकल के अनुज्ञापत्र 5 दिनों के लिए, कालू स्थित श्रीश्याम मेडिकल स्टोर का अनुज्ञापत्र 8 दिनों के लिए, श्रीडूंगरगढ़ स्थित श्रीराम मेडिकल स्टोर, देसलसर मंडलावतान स्थित श्री नाथ मेडिकल एंड जनरल स्टोर के अनुज्ञापत्र 10 दिनों के लिए तथा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सिद्धि विनायक मेडिकोज का अनुज्ञापत्र 11 दिनों के लिए निलंबित किए गए हैं।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बरजांगसर में किया ड्राेन से नैनो यूरिया का छिड़काव।