May 21, 2026
WhatsApp Image 2023-06-14 at 9.23.18 PM

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 जून 2023। पत्नी से रंजिश रखने वाला पति गुस्से में इतना अंधा हो गया कि पत्नी को विकलांग बनाने व जान से मारने के लिए मोटरसाइकिल पर पत्नी के क्वाटर में तेजाब लेकर पहुंच गया। मामला गांव उदरासर से सामने आया है। यहां पीएचसी में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत 31 वर्षीय रेखाकुमारी पुत्री लक्ष्मीनारायण जाट ने थाने पहुंच कर अपने पति अनिल पुत्र दारासिंह निवासी चांदकोठी, राजगढ के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 15 वर्ष पूर्व उसका विवाह अनिल के साथ हुआ और गत 5-6 सालों से उसका अपने पति से मनमुटाव चल रहा है। उसने बताया कि पति अत्यधिक शराब का सेवन करता है व मानसिक /शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता है। मार्च से वह अपने पति से अलग रह रही है तथा 7 जून 2023 को वह जयपुर गई हुई थी पीछे से आरोपी ने क्वाटर का जंगला काटकर क्वाटर में नाजायज रूप से प्रवेश किया। आरोपी ने फिर क्वाटर का मेनगेट तोडा़ व घर में घुसकर ए.सी. व फ्रिज के वायर काटकर गैस रिसाव कर दी और तोडफोड़ की। पीड़िता के सर्विस व जन्म और विवाह संबंधी जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। पीड़िता ने बताया कि आरोपी तेजाब की दो बोतल लेकर आया था और पीड़िता के मौके पर नहीं मिलने पर छत पर जाकर पानी की टंकी में डाल दिया। आरोपी ने उसका चेहरा जलाने, जान से मारने, विकलांग बनाने का प्रयास किया, पीएचसी जाकर उपस्थिति रजिस्टर में भी काटछांट कर नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। पीड़िता मंगलवार को उदरासर पहुंची और आज थाने पहुंच कर मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई पूर्णमल को सौंप दी है।