May 22, 2026
00000000000000000000

दीपक से टकराया पांव, तारपीन के डिब्बे ने पकड़ी आग, विवाहिता की जलने से हुई मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अक्टूबर 2024। एक विवाहिता ने नवरात्र के पूजन के लिए दीपक जलाया और दीपक के पैर से टकराने पर पास रखे तारपीन का तेल के डिब्बे ने आग पकड़ ली। जिससे विवाहिता की जलने से मौत हो गई। पाटमदेसर, सरदारशहर निवासी ज्ञानाराम पुत्र रामचंद्र जाट ने कालू थाने में रिपोर्ट देते हुए पुलिस को बताया कि उसकी पुत्री गंगा उर्फ गोमती पत्नी पालाराम जाट निवासी ढाणी पांडुसर, कालू ने 12 अक्टूबर को रात 9 बजे अपने ससुराल के घर में नवरात्रा का दीपक जलाया था। उसका पैर दीपक से टकराया व पास में तारपीन के तेल का डिब्बा पड़ा था। जिसका मुंह खुला था जिस कारण तारपीन का तेल दीपक पर गिर गया। आंगन में तेल फैल गया जिस कारण आंगन में आग फैल गई। आग ने गंगा को चपेट में ले लिया जिससे उसके हाथ पैर व पूरे शरीर पर आग लग गई। उसके पति व सास ससुर ने उसे पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां ईलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई। पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच एसआई धर्मवीर को सौंप दी है।
पत्नी से मामूली कहासुनी होने पर पी लिया जहर, युवक की मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अपनी पत्नी से मामूली सी कहासुनी होने पर गुस्से में युवक ने जहर पी लिया और अपनी जान गवां दी। घड़साना मंडी के गांव रोजड़ी निवासी 20 वर्षीय अजय पुत्र रामकिशन बावरी ने कालू थाना पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई 19 वर्षीय भाई संजय बावरी अपनी पत्नी रेखा के साथ गारबदेसर की रोही में खेत काश्त लेकर रहता था। शनिवार सुबह उसकी पत्नी से मामूली बोलचाल हो गई तो संजय ने जहर की बोतल उठाकर पी ली। शोर सुनकर वह मौके पर आया और संजय को अस्पताल लेकर गया जहां ईलाज के दौरान संजय की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच थानाधिकारी धर्मवीर को दी है।