






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 दिसंबर 2024। 23 दिसंबर पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरणसिंह की जयंती पर सोमवार अलसुबह अंचल में हुई पहली मावठ ने किसान वर्ग को प्रसन्न कर दिया है। अंचल में मध्यरात्रि से अलसुबह तक अनेक स्थानों पर कहीं हल्की तो कहीं अच्छी बरसात हुई है। गांव बिग्गा से रीड़ी की ओर बरसात से घरों से नाले बहने लगे। वहीं श्रीडूंगरगढ़ व गांव लोढेरा की ओर हल्की बरसात हुई है। जैसलसर की रोही में किसानों ने प्रसन्नता प्रकट की है। मनीष गिरी ने बताया कि किसान दिवस पर प्रकृति ने किसानों को बधाई दी है। सर्दियों की पहली मावठ से किसानों के चेहरे खिल गए है। किसान रामप्रताप गेट ने बताया कि गेंहू व चने की फसलों में बरसात से अच्छा लाभ मिलेगा। वहीं बारानी चने में जबरदस्त फायदा होगा। रीड़ी के भंवरनाथ बलिहारा ने बताया कि मावठ से फसलें खिल गई है और किसानों को भी अच्छी फसल की उम्मीदें बंध गई है। बिग्गाबास रामसरा व बरजांगसर में भी अच्छी बरसात हुई है। बता देवें अलसुबह पूरे बीकानेर में बरसात की सूचनाए प्राप्त हो रही है। महाजन क्षेत्र में भी अच्छी बरसात हुई है। रविवार को पूर्वी हवाओं का प्रभाव रहा और दिन में तापमान 2 से 5 डिग्री तक बढ़ गया। बरसात से ठंड भी बढ़ गई है और बदलते मौसम में बच्चों व बुजुर्गो को विशेष रूप से ध्यान रखने की सलाह भी दी जा रही है। श्रीडूंगरगढ़ अंचल से सभी फोटो जरूर देखें।
मौसम विभाग ने दी चेतावनी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रदेश में सीजन की पहली मावठ कल से संभव है। एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कई संभागो में बारिश व ओले गिरने की चेतावनी जारी की है।पहला पश्चिमी विक्षोभ 23 दिसंबर को सक्रिय होगा व इसके असर से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग में बारिश हो सकती है। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 26 व 27 दिसंबर तक सक्रिय रहेगा। इसका असर जयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, उदयपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में रहेगा। यहां मेघगर्जना के साथ बारिश हो सकती है।











